उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को लखनऊ स्थित अपने आवास पर जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डिप्टी सीएम ने कहा कि जनता की सेवा करना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। हर फरियादी की समस्या का निस्तारण सुनिश्चित करना सरकार का संकल्प है।
इलाज से लेकर भूमि विवाद तक की शिकायतें

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उपमुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं। कुछ लोगों ने इलाज और आर्थिक सहायता की मांग की, जबकि अन्य ने पुलिस कार्रवाई, राजस्व मामलों, भूमि विवाद और पारिवारिक समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई। ब्रजेश पाठक ने सभी फरियादियों की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी। उन्होंने शिकायतों की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

कई मामलों में उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर शिकायतों की स्थिति की जानकारी ली और जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने में संवेदनशीलता के साथ पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लोगों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नियमानुसार उपलब्ध कराया जाए। जरूरतमंदों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए, ताकि उन्हें समय पर राहत मिल सके।