दिवाली और छठ पूजा का त्योहार नजदीक आते ही घर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। देशभर के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में प्रयागराज स्थित उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं।
त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जा रहे हैं। इसके साथ ही यात्रियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है।
45 जोड़ी विशेष ट्रेनों का होगा संचालन
उत्तर मध्य रेलवे की ओर से झांसी, कानपुर, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ समेत प्रमुख स्टेशनों से कुल 45 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों के संचालन से त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ट्रेनों में पटाखे और ज्वलनशील सामान ले जाने पर चेतावनी
रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष चेतावनी भी जारी की है। यात्रियों से कहा गया है कि वे सफर के दौरान पटाखे या किसी भी तरह की ज्वलनशील और विस्फोटक सामग्री अपने साथ न ले जाएं। रेलवे ने त्योहारों के दौरान सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए नियमों का पालन करने की अपील की है।