Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

सीएम योगी बोले- जातिवाद और जिन्नावाद का मिलकर करना होगा मुकाबला, समाज को बांटने वाले सरदार पटेल के अनुयायी नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर समाज को बांटने वाली ताकतों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषावाद जैसी बीमारियां समाज की प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करती हैं। राष्ट्रीय एकता को खतरा तब पैदा होता है, जब हम जाति और क्षेत्र के नाम पर बंटकर कमजोर होते हैं। जिन्ना को आदर्श मानने और समाज को बांटने वाले लोग सरदार वल्लभ भाई पटेल के सच्चे अनुयायी नहीं हो सकते।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ के जीपीओ स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लोगों को एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने सरदार पटेल को भारत गणराज्य का शिल्पी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और प्रखर राष्ट्रवादी नेता बताया। सीएम ने कहा कि लौहपुरुष का सच्चा अनुयायी वही हो सकता है, जो देश की एकता और सुरक्षा को सर्वोपरि रखता हो।

2014 से राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा 31 अक्टूबर

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2014 से हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन राष्ट्रीय एकता की शपथ, एकता दौड़ और विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों के जरिए समाज को जोड़ने का प्रयास किया जाता है। इस वर्ष सरदार पटेल की 151वीं जयंती मनाई जा रही है।

युवाओं को रोजगार देने के लिए हर जिले में बनेंगे इंप्लॉयमेंट और इंडस्ट्रियल जोन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की स्मृतियों को जीवंत रखने के लिए प्रदेश के हर जिले में एक इंप्लॉयमेंट और इंडस्ट्रियल जोन बनाने की कार्रवाई शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कोई युवा बेरोजगार नहीं रहेगा। सरकार युवाओं की स्किलिंग और रोजगार के लिए व्यवस्थित तरीके से काम कर रही है।

सरदार पटेल ने 563 से अधिक रियासतों का कराया था भारत में विलय

सीएम योगी ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 563 से अधिक रियासतों को भारतीय गणराज्य का हिस्सा बनाया। जूनागढ़ और हैदराबाद के शासक भारत में विलय के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन सरदार पटेल ने दृढ़ इच्छाशक्ति से इन रियासतों का भारत में विलय सुनिश्चित कराया।

उन्होंने कहा कि गुजरात के केवड़िया में नर्मदा नदी के तट पर स्थापित सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा उनके विराट व्यक्तित्व और योगदान को दर्शाती है।

अनुच्छेद-370 हटने से साकार हुआ सरदार पटेल और डॉ. मुखर्जी का सपना

मुख्यमंत्री ने कश्मीर का जिक्र करते हुए कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कश्मीर में अनुच्छेद-370 लागू करना कांग्रेस की बड़ी गलती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद-370 को समाप्त कर सरदार पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी समेत स्वतंत्रता सेनानियों का सपना पूरा किया।

सीएम योगी ने कहा कि अब देश में एक प्रधान, एक विधान और एक निशान की व्यवस्था लागू है। उन्होंने सभी से 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।