Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को मिली मंजूरी, केपी ग्राउंड में 8 अगस्त को होगा आयोजन

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित करने की प्रशासन से मंजूरी मिल गई है। कार्यक्रम के लिए तय स्थल की बुकिंग रद्द करने का फैसला भी वापस ले लिया गया है। यह कार्यक्रम 8 अगस्त को प्रस्तावित है। दरअसल, इससे पहले केपी कॉलेज के खेल मैदान में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति रद्द कर दी गई थी। कॉलेज प्रबंधन ने शैक्षणिक गतिविधियों पर असर पड़ने और इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक आदेश का हवाला देते हुए अनुमति वापस ली थी।

कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने प्रयागराज शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को पत्र भेजकर बताया था कि कॉलेज के प्राचार्य से मिली जानकारी और 14 अगस्त 2025 के इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश को देखते हुए यह फैसला लिया गया। कोर्ट ने अपने आदेश में छात्रों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों में किसी तरह की बाधा नहीं आने देने पर जोर दिया था। कॉलेज प्रबंधन ने कांग्रेस को पहले दी गई अनुमति वापस लेने और जमा की गई राशि कार्यालय से वापस लेने को कहा था।

इस बीच, राहुल गांधी ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि प्रयागराज में उनके ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को रोकने के लिए प्रशासन हर संभव कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा था कि तमाम अड़चनों के बावजूद वह छात्रों की आवाज उठाते रहेंगे। एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र फीस बढ़ोतरी और सीटों में कटौती के खिलाफ अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याएं सुनने के बजाय प्रशासन उनके खिलाफ FIR दर्ज कर रहा है।

राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सवाल पूछने पर लाठीचार्ज और प्रदर्शन करने पर केस का सामना करना पड़ता है। राहुल गांधी ने कहा था कि जब से उन्होंने प्रयागराज जाकर छात्रों की बात सुनने का फैसला किया है, तब से प्रशासन उनके कार्यक्रम को रोकने के लिए लगातार कोशिश कर रहा है। अब प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को मंजूरी मिलने के बाद इसके आयोजन का रास्ता साफ हो गया है।