Breaking News

लखनऊ अग्निकांड: घटनास्थल की जांच के बाद SIT टीम ने पीड़ितों के परिजनों से बात की     |   दरगाह के पास दीप जलाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची तमिलनाडु सरकार     |   लखनऊ अग्निकांड: SIT ने शुरू की जांच, मौके पर जुटाए जा रहे सबूत     |   जिस इमारत में गई 15 लोगों की जान, उसे गिराने का आदेश जारी     |   लखनऊ अग्निकांड: जांच के लिए धटनास्थल पहुंची फोरेंसिक टीम     |  

फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी कंपनी पेटीएम ने की कर्मचारियों की छंटनी

फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस ने कर्मचारियों की छंटनी की है। वन97 कम्युनिकेशंस के पास पेटीएम का ऑनरशिप है। कंपनी ने एक बयान में दावा किया कि वो कर्मचारियों के ट्रांसफर के लिए उन्हें ‘आउटप्लेसमेंट’ (कहीं और भर्ती) सहायता उपलब्ध करा रही है।

हालांकि, बयान में कितने कर्मचारियों की छंटनी की गई है इसकी संख्या नहीं बताई गई है। जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में पेटीएम के कर्मचारियों (बिक्री) की संख्या तिमाही आधार पर करीब 3,500 घटकर 36,521 रह गई, जिसकी मुख्य वजह भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से पेटीएम पेमेंट्स बैंक की सेवाओं पर रोक लगाना था।

कंपनी ने सोमवार को एक बयान में कहा, ‘‘ कंपनी के मानव संसाधन दल 30 से ज्यादा कंपनियों के साथ सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं जो वर्तमान में कर्मचारियों की भर्ती कर रही हैं। उन कर्मचारियों को सहायता प्रदान कर रही हैं जिन्होंने अपनी जानकारी शेयर करने का विकल्प चुना है, जिससे उनके तत्काल दूसरी जगह भर्ती में मदद मिल रही है।’’

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने व्यापारियों सहित ग्राहकों के हित को ध्यान में रखते हुए पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (पीपीबीएल) को किसी भी ग्राहक खाते, वॉलेट और फास्टैग में जमा, क्रेडिट लेनदेन या टॉप-अप मंजूर करने से 15 मार्च से रोक दिया था।

फिनटेक कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस का वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में घाटा बढ़कर 550 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने जनवरी-मार्च तिमाही में पीपीबीएल में 39 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए 227 करोड़ रुपये के निवेश को बट्टे खाते में डाला है। पेटीएम के संस्थापक और सीईओ विजय शेखर शर्मा की पीपीबीएल में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी है।