उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान में तेजी आई है। अक्टूबर महीने में प्रदेश के पांचों विद्युत वितरण निगमों (डिस्कॉम) को कुल 7.41 लाख शिकायतें मिलीं, जिनमें से 7,09,038 का निस्तारण कर दिया गया। इस तरह कुल शिकायतों में से 95.63 प्रतिशत का समाधान हुआ।
योगी सरकार बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करने पर जोर दे रही है। इसी के तहत उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) शिकायतों के निस्तारण की लगातार निगरानी कर रहा है।
मध्यांचल डिस्कॉम ने किया सबसे ज्यादा शिकायतों का निस्तारण
अक्टूबर के आंकड़ों के मुताबिक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड शिकायतों के समाधान में सबसे आगे रहा। यहां करीब 2.54 लाख शिकायतों का निस्तारण किया गया। वहीं, पश्चिमांचल डिस्कॉम में करीब 1.41 लाख, दक्षिणांचल डिस्कॉम में करीब 1.33 लाख और पूर्वांचल डिस्कॉम में करीब 1.12 लाख शिकायतों का समाधान हुआ। कानपुर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी (केस्को) ने भी 66 हजार से अधिक शिकायतों का निस्तारण किया।
बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें सबसे ज्यादा
अक्टूबर में सबसे अधिक शिकायतें बिजली आपूर्ति से संबंधित मिलीं। इसके अलावा उपभोक्ताओं ने बिजली सेवाओं से जुड़ी दूसरी समस्याएं भी दर्ज कराईं। यूपीपीसीएल का जोर है कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों पर नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं की संतुष्टि के आधार पर किया जाए।
कंट्रोल रूम से रोज हो रही शिकायतों की निगरानी
शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के लिए सभी कंट्रोल रूम और खास तौर पर मास्टर कंट्रोल रूम में रोजाना समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को लंबित शिकायतों पर नजर रखने और उनका जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
1912 नंबर और वेबसाइट से घर बैठे दर्ज करें शिकायत
बिजली उपभोक्ता अपनी समस्या दर्ज कराने के लिए यूपीपीसीएल की टोल फ्री हेल्पलाइन 1912 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा यूपीपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर '1912 शिकायत पंजीकरण' विकल्प के जरिए ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है। सरकार का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं को शिकायतों के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाना और बिजली सेवाओं को अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनाना है।