Breaking News

लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह ग्यारह बजे तक स्थगित     |   जस्टिस यशवंत वर्मा को पद से हटाने के लिए शीतकालीन सत्र में लाया जा सकता है महाभियोग प्रस्ताव     |   दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य     |   कर्नाटक में विभागों का बंटवारा, सीएम शिवकुमार ने अपने पास रखा वित्त विभाग     |   टाटा के चेयरमैन चंद्रशेखरन के इस्तीफे की पेशकश के बाद TCS में 4.97% की गिरावट     |  

बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान! जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में फिर की गई शेलिंग और गोलीबारी

पाकिस्तानी सैनिकों ने लगातार दूसरे दिन जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सीमा पार से गोलाबारी की। इससे एक दिन पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पड़ोसी देश में आतंकी ढांचे को निशाना बनाया था। पाकिस्तान ने आधी रात के बाद करनाह इलाके में नागरिक इलाकों को निशाना बनाया और गोले और मोर्टार दागे। भारतीय सशस्त्र बलों ने बिना उकसावे के की गई गोलीबारी का प्रभावी ढंग से जवाब दिया। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा गोलाबारी शुरू किए जाने के बाद करनाह में अधिकांश नागरिक सुरक्षित इलाकों में चले गए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा कारणों से जम्मू और कश्मीर संभाग के कई जिलों में शिक्षण संस्थान बंद रहे। परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। खासकर बॉर्डर से सटे जिलों में।

श्रीनगर में अधिकारियों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत नौ आतंकवादी ठिकानों पर भारत द्वारा किए गए मिसाइल हमलों के मद्देनजर घटनाक्रम पर नजर रखने के लिए पूरे कश्मीर में केंद्रीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। जम्मू संभाग में बॉर्डर से स्टे पांच जिलों जम्मू, सांबा, कठुआ, पुंछ, राजोरी जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद रहे। इनमें निजी स्कूल भी शामिल है। जम्मू विश्वविद्यालय ने प्रस्तावित सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। अब नया शेड्यूल जारी किया जाएगा। जम्मू विश्वविद्यालय के अलावा क्लस्टर विश्वविद्यालय, आईआईएम, आईआईटी जम्मू में भी शैक्षणिक गतिविधियां नहीं हुईं।

कश्मीर संभाग में श्रीनगर हवाई अड्डे के आसपास और बारामुला, कुपवाड़ा, गुरेज़ सहित कई जिलों में शैक्षणिक संस्थान बंद रहे। इन जिलों में भी परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं। कश्मीर विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना में 10 मई तक सभी परीक्षाओं को स्थगित करने की घोषणा की गई है। स्थगित परीक्षाओं की नई तारीखें की बाद में अधिसूचित की जाएंगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे पुनर्निधारित परीक्षा तिथियों के संबंध में अपडेट पर नजर रखें।