Breaking News

उत्तराखंड में 10 IAS और 20 PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों के CDO बदले     |   दिल्ली: शास्त्री पार्क अंडरपास के पास डीटीसी बस में लगी आग     |   सऊदी अरब में हूतियों का ड्रोन अटैक, पंपिंग स्टेशन को निशाना बनाने का दावा     |   अमेरिका: ब्रुकलिन में इमारत गिरने से एक की मौत, 10 जख्मी     |   हैदराबाद: मूसी कायाकल्प का पहला चरण जल्द होगा शुरू, CM रेवंत रेड्डी का ऐलान     |  

PM मोदी शुक्रवार को प्रयागराज में प्रमुख विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का दौरा करेंगे। पीएम 5,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के अलावा पूजा-अर्चना भी करेंगे। इसके बाद पीएम महाकुंभ प्रदर्शनी स्थल का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने गुरुवार को बयान में ये जानकारी दी।

पीएमओ ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 दिसंबर को उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। वो प्रयागराज जाएंगे और दोपहर करीब 12:15 बजे संगम तट पर पूजा और दर्शन करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12:40 बजे प्रधानमंत्री अक्षय वट वृक्ष में पूजा करेंगे, उसके बाद हनुमान मंदिर और सरस्वती कूप में दर्शन और पूजा करेंगे।"

बयान में कहा गया कि दोपहर डेढ़ बजे वह महाकुंभ प्रदर्शनी स्थल का भ्रमण करेंगे। पीएमओ ने कहा, "इसके बाद, दोपहर लगभग दो बजे वो प्रयागराज में 5,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शुरुआत करेंगे।" प्रधानमंत्री महाकुंभ 2025 के लिए जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें प्रयागराज में बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने और बेहतर संपर्क प्रदान करने के लिए 10 नए रोड ओवर ब्रिज या फ्लाईओवर, स्थायी घाट और रिवरफ्रंट रोड जैसी कई रेल और सड़क परियोजनाएं शामिल होंगी।

प्रधानमंत्री भारद्वाज आश्रम गलियारा, श्रृंगवेरपुर धाम गलियारा, अक्षयवट गलियारा, हनुमान मंदिर गलियारा सहित प्रमुख मंदिर गलियारे का उद्घाटन करेंगे। पीएमओ ने कहा, "इन परियोजनायों से भक्तों को एक स्थल से दूसरे स्थल की ओर आने जाने में आसानी होगी और ये आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देंगी।" महाकुंभ 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा।