Breaking News

रूस-यूक्रेन शांति वार्ता के बीच पुतिन और लुकाशेंको की मुलाकात, मानवीय मदद पर हुई चर्चा     |   दिल्ली के नांगली विहार में सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, NDRF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं     |   पंजाब में पराली जलाने का आंकड़ा 5000 पार, किसानों पर 79.75 लाख रुपये का जुर्माना     |   दिल्ली में प्रदूषण बरकरार, इंडिया गेट के आसपास AQI 242     |   लंदन में भारत विरोधी प्रदर्शनों पर 50 भारतीय संगठनों ने राष्ट्रपति मुर्मु को लिखी चिट्ठी     |  

PM मोदी ने उमर अब्दुल्ला, महिंद्रा, मोहनलाल को मोटापे के खिलाफ जागरुकता अभियान के लिए चुना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोटापे के खिलाफ लड़ाई में मदद के लिए जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उद्योगपति आनंद महिंद्रा और अभिनेता मोहनलाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के 10 लोगों को नामित किया। इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से मोटापे से बचने के लिए कदम उठाने का आह्वान किया था।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैं मोटापे के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने और भोजन में तेल की खपत को कम करने के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए कुछ लोगों को नामित करना चाहूंगा। मैं उनसे यह भी अनुरोध करता हूं कि वे भी आगे ऐसे 10 और लोगों को नामित करें ताकि हमारा आंदोलन बड़ा हो सके।’’

मोदी ने जिन अन्य हस्तियों को नामित किया है उनमें भोजपुरी गायक-अभिनेता निरहुआ, निशानेबाज मनु भाकर, भारोत्तोलक मीराबाई चानू, इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि, अभिनेता आर माधवन, गायिका श्रेया घोषाल और सामाजिक कार्यकर्ता एवं सांसद सुधा मूर्ति के नाम शामिल हैं।

मोटापे के खिलाफ लड़ाई की जोरदार वकालत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में लोगों से भोजन में कम तेल का उपयोग करने और 10 अन्य लोगों को ये चुनौती देने का आग्रह किया था।