योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में NDA गठबंधन 350 सीट जीतने जा रहा है। राजभर ने सपा को ‘डूबती हुई नैया’ बताते हुए कहा कि सुभासपा NDA के साथ चुनाव लड़ेगी।
‘अखिलेश को न राम प्यारे हैं, न कृष्ण’
अयोध्या में चल रही कथा में अखिलेश यादव के जाने को लेकर ओपी राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को न राम प्यारे हैं और न कृष्ण। उन्होंने कहा कि अखिलेश खुद को कृष्ण का वंशज बताते हैं, लेकिन मथुरा और अयोध्या नहीं जाते।
राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव को डर रहता है कि कहीं मुस्लिम वोटर सपा का साथ न छोड़ दें। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव 12 बजे तक अली-अली करते हैं, उसके बाद बजरंगबली करते हैं। अखिलेश यादव का हाल ‘माया मिली न राम’ वाला है।”
शिवपाल यादव को लेकर भी साधा निशाना
ओपी राजभर ने सपा में शिवपाल यादव की स्थिति को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव की स्थिति ऐसी हो गई है जैसे बैंड पार्टी में झुनझुना बजाने वाले की होती है, जिसे सुर-ताल से कोई मतलब नहीं होता।
उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव शिवपाल यादव को ‘फूटी आंख भी नहीं देखना चाहते’। राजभर ने कहा कि शिवपाल को लोहिया ट्रस्ट से भी हटा दिया गया है और अब उनके कार्यालय जाने को लेकर भी अखिलेश से पूछने की बात सामने आ रही है। उन्होंने इसे दोनों के बीच अविश्वास बताया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन पर भी ओपी राजभर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा को ज्ञानेश कुमार को धन्यवाद देना चाहिए कि निष्पक्ष चुनाव हुआ, जिसमें सपा को 37 और कांग्रेस को 6 सीट मिलीं।
उन्होंने कहा कि अगर चुनाव में चोरी होती तो 2019 में बीजेपी 303 सीट नहीं जीतती और 2024 में उसकी सीटें घटकर 240 नहीं आतीं। राजभर ने कांग्रेस और सपा के पुराने शासन का जिक्र करते हुए कहा कि अगर चुनाव आयोग पर उनका नियंत्रण था तो उन्होंने नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ को सत्ता में क्यों आने दिया।
राजभर ने आरोप लगाया कि मोदी और योगी के कामों से जनता का भरोसा NDA पर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब प्रदर्शन इसलिए कर रहा है, ताकि चुनाव के बाद जनता से वोट चोरी होने का आरोप लगाया जा सके।
‘2027 में NDA के साथ चुनाव लड़ेंगे’
2027 के चुनाव को लेकर ओपी राजभर ने कहा कि सुभासपा NDA के साथ है और गठबंधन में ही चुनाव लड़ेगी। उन्होंने अखिलेश यादव के अलग-अलग दलों के साथ गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि सपा ने भी कई बार बसपा, आरएलडी, कांग्रेस और सुभासपा के साथ समझौते किए हैं।राजभर ने समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि सपा एक ‘डूबती हुई नैया’ है और जिसे डूबना हो, वही उस पार्टी में जाए।