उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में शनिवार को प्रदेश की खान-पान परंपरा और स्थानीय स्वाद का संगम देखने को मिला। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में बने ओडीओसी (वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन) पवेलियन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
पवेलियन में पहुंच रहे लोग यूपी के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक स्वाद का आनंद लेने के साथ स्थानीय उत्पादों और उनसे जुड़ी परंपराओं की जानकारी भी ले रहे हैं। यहां आयोजित मास्टर शेफ क्लास भी आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
मिर्जापुर के गुड़ से बन रहा पूर्वांचल का ठेकुआ
मास्टर शेफ क्लास में पूर्वांचल के पारंपरिक व्यंजन ठेकुआ को तैयार करने की विधि आगंतुकों को प्रत्यक्ष रूप से समझाई जा रही है। खास बात यह है कि ठेकुआ बनाने में मिर्जापुर के गुड़ का इस्तेमाल किया जा रहा है।
विशेषज्ञ ठेकुआ बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के चयन से लेकर मिश्रण तैयार करने और उसे अंतिम रूप देने तक की प्रक्रिया समझा रहे हैं। आगंतुक विशेषज्ञों से सीधे सवाल भी कर रहे हैं और पूर्वांचल के पारंपरिक स्वाद के साथ स्थानीय खाद्य उत्पादों के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं।इस पहल के जरिए पारंपरिक व्यंजनों को केवल स्वाद तक सीमित न रखते हुए उनसे जुड़ी स्थानीय संस्कृति, परंपरा और अर्थव्यवस्था को भी लोगों के सामने रखा जा रहा है।
रविवार को मास्टर शेफ हरपाल सिंह सोखी होंगे मौजूद
ओडीओसी की मास्टर शेफ क्लास में प्रसिद्ध शेफ हरपाल सिंह सोखी रविवार को मौजूद रहेंगे। इस दौरान आगंतुकों को उत्तर प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को आधुनिक पाक कला से जोड़ने के तरीके जानने का अवसर मिलेगा।
हरपाल सिंह सोखी से आगंतुक संवाद भी कर सकेंगे और प्रदेश की विविध खान-पान परंपरा से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे। इसके अलावा आने वाले दिनों में कई अन्य प्रसिद्ध शेफ भी मास्टर शेफ क्लास में पाक कला से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे।
‘खाऊ गली’ में उमड़ी भीड़
ओडीओसी पवेलियन में बनाई गई ‘खाऊ गली’ भी ट्रेड शो में पहुंचने वाले लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक व्यंजन और खाद्य उत्पाद उपलब्ध हैं। दिन बढ़ने के साथ कई स्टॉलों पर उत्पादों की मांग बढ़ी। आगंतुक पारंपरिक स्वाद का आनंद लेने के साथ संबंधित जिलों और वहां के स्थानीय उत्पादों के बारे में भी जानकारी ले रहे हैं।
75 जिलों के स्वाद को एक मंच
योगी सरकार की पहल से तैयार ओडीओसी पवेलियन में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों की खान-पान विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों के व्यंजनों और खाद्य परंपराओं को उनके भौगोलिक और सांस्कृतिक संदर्भ के साथ प्रदर्शित किया गया है। ब्रज की मिठास, अवध के जायके, बुंदेलखंड की विशिष्टता, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पारंपरिक स्वाद और पूर्वांचल के व्यंजनों के जरिए पवेलियन प्रदेश की विविध खान-पान संस्कृति को सामने ला रहा है।
स्थानीय स्वाद को वैश्विक मंच
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसे बड़े मंच पर प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। इससे स्थानीय खाद्य उत्पादों और खान-पान की परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर मिल रहा है। ओडीओसी पवेलियन के जरिए प्रदेश की खान-पान विरासत, स्थानीय उत्पादों और उनसे जुड़े कारोबार को एक साथ प्रदर्शित किया जा रहा है।