अभिनेत्री नुसरत भरूचा रीढ़ की हड्डी की सफल सर्जरी के बाद घर लौट आई हैं। इंडोनेशिया के बाली में एक दुर्घटना में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। अभिनेत्री के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "एक दुर्घटना के कारण कठिन और चुनौतीपूर्ण दौर से गुजरने के बाद, नुसरत भरूचा की रीढ़ की हड्डी की सफल सर्जरी हुई। हमें ये साझा करते हुए राहत मिल रही है कि सर्जरी सफल रही और अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।"
प्रवक्ता ने कहा, "नुसरत अपने घर वापस आ गई हैं, जहां वह आराम कर रहीं हैं। पूरी तरह से ठीक होने में उन्हें कुछ समय लगेगा लेकिन वह सकारात्मक हैं। वह अपने स्वास्थ्य में सुधार लाने औरा अपनी ताकत वापस पाने पर ध्यान दे रही हैं। हम इस कठिन समय में उनके लिए शुभकामनाएं व्यक्त करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देते हैं।" अभिनेत्री इस महीने की शुरुआत में दुर्घटना का शिकार हो गई थीं और उन्हें एयर एंबुलेंस से मुंबई लाया गया था।