दिल्ली में INDIA ब्लॉक के सांसदों का चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च जारी है। विपक्षी सांसद और नेता मंगलवार को निर्वाचन सदन की ओर बढ़ रहे हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया जा रहा है।
मार्च को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई इलाकों में ट्रैफिक को डायवर्ट किया है। सुबह 8 बजे से नई दिल्ली जिले के कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही प्रभावित है। पुलिस ने लोगों से प्रभावित इलाकों में गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।
इन इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कनॉट प्लेस, पटेल चौक, संसद मार्ग, पटेल चौक-जीपीओ, विंडसर प्लेस-जीपीओ, अशोका रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित है। इन जगहों पर बैरिकेडिंग और डायवर्जन किए गए हैं।
यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और जहां संभव हो, मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से पुलिसकर्मियों के निर्देशों और सड़क पर लगे ट्रैफिक साइन का पालन करने को कहा है।
विजय चौक पर सुरक्षा बढ़ाई गई
INDIA ब्लॉक के मार्च को देखते हुए विजय चौक और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की है। आकाशवाणी के आसपास रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों की भी तैनाती की गई है।
SIR को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन
विपक्षी दल चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। INDIA ब्लॉक के नेता चुनाव आयोग से इस मामले में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।
विपक्षी नेताओं की ओर से CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है। यह मार्च विपक्ष के 'Save Democracy' अभियान का हिस्सा है। इस अभियान के तहत विपक्षी दल चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार प्रदर्शन और सार्वजनिक कार्यक्रम कर रहे हैं। फिलहाल INDIA ब्लॉक के सांसदों का मार्च जारी है और सभी की नजरें इस बात पर हैं कि प्रदर्शनकारी नेता चुनाव आयोग कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगें किस तरह रखते हैं।