मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर और तकनीकी क्षेत्र में बढ़ती ताकत को सामने रखा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर 2017 के बाद प्रदेश में हुए बदलावों और तकनीकी विकास का जिक्र किया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के विजन को डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश में नीति, निवेश और उत्पादन से जोड़कर जमीन पर उतारा है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश तकनीक के बाजार से आगे बढ़कर तकनीक का निर्माता बन रहा है।
मोबाइल से माइक्रोचिप तक पहुंची विकास यात्रा
मुख्यमंत्री ने बताया कि साढ़े 9 वर्षों के भीतर देश में बनने वाले करीब 60 प्रतिशत मोबाइल फोन और 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट के उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी है।
उन्होंने कहा कि जेवर में 3,706 करोड़ रुपये की लागत से HCL-Foxconn की चिप इकाई बन रही है। प्रदेश में 644 मेगावाट क्षमता के डेटा सेंटर के प्रस्ताव आ चुके हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में 24 हजार से अधिक स्टार्टअप और 8 यूनिकॉर्न मौजूद हैं। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा अब मोबाइल से मॉड्यूल और मॉड्यूल से माइक्रोचिप तक पहुंच रही है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर प्रदेश की क्षमता का सही इस्तेमाल नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने उत्तर प्रदेश के 'अनलिमिटेड पोटेंशियल' का उपयोग नहीं किया और प्रदेश को 'बीमारू' बनाए रखा।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले घोषणाएं तो होती थीं, लेकिन परियोजनाओं को जमीन पर उतरने में संघर्ष करना पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय परिवारवाद को विकास, सैफई महोत्सव को सांस्कृतिक उत्थान और माफियाकरण को औद्योगिकीकरण का मॉडल बना दिया गया था।
उन्होंने कहा कि आज प्राथमिकताएं बदल गई हैं। परिवार के विकास की जगह प्रदेश का विकास, माफिया के संरक्षण की जगह निवेशक का संरक्षण और तुष्टीकरण की जगह टेक्नोलॉजी पर जोर दिया जा रहा है।
डेटा सेंटर से AI सिटी तक बढ़ रहा यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र के विस्तार के साथ डेटा सेंटर की जरूरत बढ़ी और अब उत्तर प्रदेश डेटा सेंटर से AI सिटी तक भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था का आधार तैयार कर रहा है।
उन्होंने बताया कि 'एआई-प्रज्ञा' के जरिए 10 लाख युवाओं को नई तकनीक से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। बढ़ता स्टार्टअप इकोसिस्टम युवाओं को नौकरी खोजने वाले से आगे बढ़ाकर रोजगार देने वाला बनाने में मदद कर रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश तकनीक का बाजार था, लेकिन आज वह तकनीक का निर्माता बन रहा है। असेंबली से AI तक की यह यात्रा केवल तकनीक की नहीं, बल्कि युवाओं के रोजगार, उद्यम और समृद्धि की यात्रा है।
HCL Tech के 10 साल पूरे होने पर कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि मंगलवार को लखनऊ में HCL Tech की स्थापना के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वह शामिल होंगे। इस दौरान HCL GUVI Emerging Tech Skilling Centre का भी शुभारंभ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प के साथ तकनीक और निवेश के क्षेत्र में आगे बढ़ता प्रदेश 'नए उत्तर प्रदेश' की नई उड़ान का आधार बन रहा है।