छठ पूजा को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए लखनऊ नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजधानी में गोमती नदी के 110 घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, रोशनी और सजावट के इंतजाम किए गए हैं। इनमें नगर निगम के आठ जोनों के 47 प्रमुख और 63 छोटे घाट शामिल हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप नगर निगम ने छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने की तैयारी की है। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर प्रमुख घाटों पर रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और झालरों से सजावट कराई गई है। छोटे घाटों पर भी सफाई और सजावट का काम पूरा किया गया है।
घाटों पर पानी, शौचालय और कंट्रोल रूम की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट लगाए गए हैं। सभी घाटों पर कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं, जहां से व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही कचरा इकट्ठा करने के लिए डस्टबिन की व्यवस्था की गई है।
जीरो वेस्ट छठ पूजा पर रहेगा जोर
छठ पूजा को जीरो वेस्ट पर्व बनाने के लिए हर घाट पर अर्पण कलश रखे गए हैं। इनमें श्रद्धालु पूजा सामग्री डाल सकेंगे, ताकि उसे नदियों और जलाशयों में प्रवाहित न करना पड़े। कचरे के सही निस्तारण के लिए घाटों पर सफाई मित्रों की तैनाती भी की गई है।
आठ जोनों में इन घाटों पर विशेष इंतजाम
नगर निगम ने सभी आठ जोनों के प्रमुख घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की हैं। इनमें जोन-1 के लक्ष्मण मेला घाट और लल्लूमल घाट, जोन-2 के लेटे हनुमान मंदिर घाट, जोन-3 के बैरल नंबर-2, सांझिया घाट और झूलेलाल घाट शामिल हैं।
इसके अलावा जोन-4 में गोमती नगर विस्तार, जोन-5 में स्कूटर इंडिया और गौरी बाजार, जोन-6 में कुड़िया घाट और मेहंदी घाट, जोन-7 में कुकरैल घाट और जोन-8 में सैनिक स्कूल बोटिंग क्लब घाट पर भी तैयारियां की गई हैं।
नगर निगम का लक्ष्य है कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और पर्व स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे।