Breaking News

धर्म बदलने के साथ आरक्षण खत्म, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला     |   ‘कानून सबके लिए बराबर, पीड़ितों के साथ खड़े होना क्या गलत: सचिन पायलट     |   'PDA की हवा निकली, इनके समय में विकास नहीं हुआ', मिर्जापुर में बोले CM योगी     |   पाकिस्तान में गिरी स्कूल की छत, मारे गए 17 छात्र, एक टीचर की भी मौत     |   दिल्ली पुलिस ने बस में मारपीट के मामले में NSUI की महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की     |  

उत्तराखंड में बड़ा हादसा, ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर खाई में गिरी टैक्सी, 2 की मौत और 3 का रेस्क्यू

उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाली पुलिया के पास एक टैक्सी गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद खाई में गिरे वाहन और उसमें सवार लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

चंडीगढ़ से आ रही थी टैक्सी

कीर्तिनगर के उपजिलाधिकारी (SDM) पंकज भट्ट ने बताया कि वाहन चंडीगढ़ से आ रहा था। हादसे के समय टैक्सी में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोगों को बचा लिया गया।

एसडीएम के मुताबिक, देवप्रयाग से टीम सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गई थी। SDRF को भी सूचना दी गई, जिसके बाद उसकी टीम ने राहत और बचाव कार्य में हिस्सा लिया। बचाए गए तीनों लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, उनकी हालत खतरे से बाहर है।

एक महीने पहले भी खाई में गिरी थी कार

उत्तराखंड में खाई में वाहन गिरने की यह पहली घटना नहीं है। करीब एक महीने पहले सहिया के पास एक कार सड़क से लगभग 35 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। उस वाहन में तीन पुरुष और दो महिलाएं समेत कुल पांच लोग सवार थे। हादसे की सूचना शनिवार तड़के डायल 112 के जरिए SDRF को मिली थी। सूचना में बताया गया था कि सहिया से पहले लालपुल के पास एक वाहन खाई में गिर गया है और उसमें कई लोग फंसे हुए हैं।

इसके बाद चकराता से उपनिरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में SDRF की टीम मौके पर भेजी गई। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया गया। बचावकर्मी खाई में उतरे और सभी पांच लोगों तक पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। उनमें से दो को गंभीर चोटें आई थीं, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें लगी थीं। लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बीच पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतना और यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।