Breaking News

गुना: किसान रामस्वरूप नागर हत्याकांड में बड़ा अपडेट, मुख्य आरोपी महेंद्र नागर गिरफ्तार     |   कानपुर: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के रिश्तेदार ने की आत्महत्या     |   इंडोनेशिया के पास समुद्र में 6.6 तीव्रता का भूकंप आया     |   सिंगर एनरिक मुंबई पहुंचे, 29-30 अक्टूबर को इवेंट     |   दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार, 'खराब' श्रेणी में पहुंची     |  

देश का औद्योगिक उत्पादन सितंबर में 4 प्रतिशत बढ़ा, जानिए किस सेक्टर दिखी सबसे ज्यादा तेजी

दिल्ली: देश का औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी) विनिर्माण क्षेत्र के अच्छे प्रदर्शन के दम पर सितंबर में चार प्रतिशत बढ़ा है। मंगलवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों में ये जानकारी मिली। औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के संदर्भ में मापा गया औद्योगिक उत्पादन सितंबर, 2024 में 3.2 प्रतिशत बढ़ा था।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने अगस्त, 2025 के लिए औद्योगिक उत्पादन के वृद्धि के आंकड़ों को चार प्रतिशत के अस्थायी अनुमान से संशोधित कर 4.1 प्रतिशत कर दिया है। एनएसओ के ताजा आंकड़ों के अनुसार, विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन सितंबर 2025 में 4.8 प्रतिशत बढ़ा, जबकि सितंबर 2024 में ये चार प्रतिशत बढ़ा था।

खनन उत्पादन में 0.4 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि एक साल पहले इसमें 0.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी। बिजली उत्पादन में सितंबर में 3.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में इसमें 0.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-सितंबर अवधि (पहली छमाही) के दौरान देश के औद्योगिक उत्पादन में तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि 2024-25 की पहली छमाही में ये 4.1 प्रतिशत रही थी। विनिर्माण क्षेत्र में 23 उद्योग समूहों में से 13 ने सितंबर, 2024 की तुलना में सितंबर, 2025 में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की।

उपयोग-आधारित वर्गीकरण के अनुसार, पूंजीगत वस्तु खंड में सितंबर, 2025 में 4.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई जो एक साल पहले की समान अवधि में 3.5 प्रतिशत थी। टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं (एसी, फ्रिज आदि का विनिर्माण) की वृद्धि दर सितंबर 2024 के 6.3 प्रतिशत से बढ़कर समीक्षाधीन महीने में 10.2 प्रतिशत हो गई।

सितंबर, 2025 में उपभोक्ता गैर-टिकाऊ वस्तुओं के उत्पादन में 2.9 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि एक साल पहले इसमें 2.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। आंकड़ों के अनुसार, मूल वस्तुओं का उत्पादन सितंबर, 2025 में 1.4 प्रतिशत बढ़ा, जबकि एक साल पहले इसमें 1.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। मध्यवर्ती वस्तुओं के क्षेत्र में विस्तार आलोच्य महीने में 5.3 प्रतिशत रहा, जबकि सितंबर, 2024 में इसमें 4.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।