Breaking News

रूस-यूक्रेन शांति वार्ता के बीच पुतिन और लुकाशेंको की मुलाकात, मानवीय मदद पर हुई चर्चा     |   दिल्ली के नांगली विहार में सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, NDRF समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं     |   पंजाब में पराली जलाने का आंकड़ा 5000 पार, किसानों पर 79.75 लाख रुपये का जुर्माना     |   दिल्ली में प्रदूषण बरकरार, इंडिया गेट के आसपास AQI 242     |   लंदन में भारत विरोधी प्रदर्शनों पर 50 भारतीय संगठनों ने राष्ट्रपति मुर्मु को लिखी चिट्ठी     |  

भारत-पाक तनाव: अंबानी-अडाणी ने सशस्त्र बलों के साथ एकजुटता जताई, कहा- हम आतंक के खिलाफ एकजुट

उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी ने पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी, गोलीबारी और ड्रोन हमलों का सामना कर रहे भारतीय सशस्त्र बलों के साथ एकजुटता व्यक्त की है। एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अंबानी ने बयान में कहा, ‘‘ ऑपरेशन सिंदूर के लिए हमें अपने भारतीय सशस्त्र बलों पर गर्व है। भारत हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ एकजुट, दृढ़ निश्चयी और अपने उद्देश्य पर अडिग है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साहसिक व निर्णायक नेतृत्व में भारतीय सशस्त्र बलों ने सीमा पार से की गई हर उकसावे की कार्रवाई का सटीकता से जवाब दिया है।" गौरतलब है कि पाकिस्तान की सेना ने आठ-नौ मई की रात को ड्रोन तथा अन्य हथियारों का इस्तेमाल करते हुए पूरे पश्चिमी सीमा क्षेत्र में कई हमले किए, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर तथा पंजाब के कई शहरों में ब्लैकआउट कर दिया गया। 

भारतीय सेना ने कहा कि हमलों को ‘‘ प्रभावी ढंग से विफल ’’ कर दिया गया है। इससे पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम आतंकवादी हमले का बदला लेते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए थे। 

अडाणी समूह के प्रमुख गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ ऐसे समय में ही दुनिया, भारत की असली ताकत और एकता को देख पाती है, जो उसकी एकरूपता और विविधता दोनों में समाहित है। हम अटूट एकजुटता के साथ खड़े हैं और अपने सशस्त्र बलों को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं क्योंकि वे हमारी मातृभूमि और हमारे आदर्शों की भावना की रक्षा करते हैं। जय हिंद ।’’ 

खनन क्षेत्र के दिग्गज अनिल अग्रवाल ने कहा कि वह भारतीय सशस्त्र बलों के बहादुर पुरुषों और महिलाओं को सलाम करते हैं। मेरी दुआएं सभी के साथ हैं। अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी निर्णायकता, दृढ़ता, जिम्मेदारी और परिपक्वता के साथ कार्रवाई कर रहा है।