Breaking News

जेपी नड्डा दिल्ली AIIMS में भर्ती, डॉक्टरों ने दिया हेल्थ अपडेट     |   राहुल गांधी को बड़ी राहत, SC ने रद्द किया सावरकर से जुड़ा मानहानि का केस     |   दिल्ली में हाई कोर्ट, जाम नगर हाउस, झंडेवालान बिल्डिंग समेत 6 जगहों पर बम की धमकी     |   मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन घंटे भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया     |   चमोली टनल हादसा: अभी भी सुरंग में फंसे 3 मजदूर, 19 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी     |  

आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी शोध सम्मान की वेबसाइट का लोकार्पण

मशहूर साहित्यकार और आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी के लेखन पर कई विश्वविद्यालयों में शोध कर रहे लोगों को प्रोत्साहित और सम्मानित करने के लिए शुरू किए जा रहे शोध सम्मान की वेबसाइट का लोकार्पण और स्मृति चिन्ह का अनावरण बुधवार को दिल्ली में किया गया। आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी मेमोरियल ट्रस्ट की स्थापना की चौथी वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर बुधवार को दिल्ली में साहित्य अकादमी के सभागार में आयोजित एक समारोह में वेबसाइट का लोकार्पण हुआ।

'आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी शोध सम्मान' के नाम से दिए जाने वाले इस सम्मान के लिए पात्रता और आवेदन से जुड़ी समूची जानकारी वेबसाइट https://hpdwiveditrust.in/award/ पर मौजूद है। आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी मेमोरियल ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. अपर्णा द्विवेदी ने बताया कि आचार्य के लेखन पर शोध करने वालों को प्रोत्साहित और सम्मानित करने के लिए एक व्यवस्था बनाने का संकल्प लिया है और ये वेबसाइट उसी सिलसिले की एक कड़ी है।

वहीं प्रोफेसर अनिल राय ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में हिंदी का नया पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है। इसमें आचार्य द्विवेदी की और ज्यादा रचनाओं को शामिल किया जा रहा है। आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी के शिष्य डॉ. विश्वनाथ त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय प्राचीन परंपरा आधुनिकता से कैसे जुड़ती है, ये परंपरा कितनी बड़ी है और परंपरा सार्थक कैसे होती है इसके सूत्र आचार्य द्विवेदी अपने निबंधों व साहित्य में देते हैं।

वेबसाइट के लोकार्पण के मौके पर कांग्रेस के पूर्व महासचिव जनार्दन द्विवेदी, मशहूर हास्य कवि पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा, दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. अनिल राय, जामिया मिलिया इस्लामिया के मानविकी और भाषा विभाग के प्रोफेसर नीरज कुमार, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रोफेसर वेद प्रकाश समेत बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी मौजूद थे।