उत्तर प्रदेश के हाथरस में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की आगरा ऑपरेशनल यूनिट ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन और स्मैक बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2.30 करोड़ रुपये बताई गई है। एएनटीएफ आगरा की टीम ने यह कार्रवाई हाथरस के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में बिजलीघर नगला जलेल पुल के पास की। आरोपियों के पास से हेरोइन और स्मैक के अलावा एक बलेनो कार, चार मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
बरामदगी के मामले में थाना सिकंदराराऊ में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मथुरा के वृंदावन निवासी सुदामा और मोनू कुशवाहा, मथुरा में रह रहे लखीमपुर खीरी निवासी अमित कुमार शुक्ला और मथुरा निवासी प्रीतम सिंह के रूप में हुई है।
वृंदावन और आसपास के इलाकों में सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थों की खरीद और फुटकर बिक्री से जुड़े होने की जानकारी दी। एएनटीएफ के अनुसार, आरोपी कासगंज निवासी एक व्यक्ति से हेरोइन और स्मैक खरीदकर लाते थे। इसके बाद मादक पदार्थों को छोटी-छोटी पुड़िया में तैयार कर वृंदावन और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। बिक्री से मिलने वाले मुनाफे को आरोपी आपस में बांट लेते थे। एएनटीएफ की कार्रवाई के बाद अब मामले में मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।