Breaking News

नशीले पदार्थों का सेवन युवाओं के सपनों के लिए चुनौती बनकर उभरा है: 'मन की बात' में बोले PM मोदी     |   अयोध्या में कोहरे और ठंड का असर, कुछ इलाकों में विजिबिलिटी हुई कम     |   दिल्ली के विश्वास नगर में लगी भीषण आग, 4 लोगों की मौत     |   झारखंड: रामगढ़ में रांची-पटना हाईवे पर बड़ा हादसा, 13 लोगों की मौत     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट में ध्रुव जुरेल ने जमाई फिफ्टी     |  

गीडा में 17,650 करोड़ के निवेश से बदल रही गोरखपुर की तस्वीर, 50 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार: CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस गीडा में समाजवादी पार्टी की सरकार के समय उद्योग लगाने के बजाय बूचड़खाना खोलने की कोशिश की गई थी, आज वही क्षेत्र बड़े औद्योगिक निवेश का केंद्र बन रहा है। यहां डेयरी, सीमेंट, स्टील और प्लास्टिक समेत कई क्षेत्रों में उद्योग स्थापित हो रहे हैं। गीडा में अब तक 17,650 करोड़ रुपये के नए निवेश समझौते हुए हैं, जिनसे करीब 50 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री रविवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 502 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही गीडा की नई वेबसाइट लॉन्च की और हैंडलूम व टेक्सटाइल उद्योगों को लेटर ऑफ कम्फर्ट वितरित किए।

सीएम योगी ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 463 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चकभोप आवासीय कॉलोनी का भी शुभारंभ किया। इस कॉलोनी में अलग-अलग आय वर्ग के लोगों के लिए आवास बनाए जाएंगे। यहां श्रमिकों के लिए डॉर्मिटरी और कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी होगी।

सपा सरकार में बूचड़खाना खोलने की हुई थी कोशिश

vSVSFv

मुख्यमंत्री ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2004-05 में तत्कालीन सपा सरकार गीडा में उद्योग लगाने के बजाय बूचड़खाना खोलना चाहती थी। उस समय सांसद रहते हुए उन्होंने सहजनवां के कार्यकर्ताओं के साथ इसका विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि अगर विकास सैफई जा रहा है तो बूचड़खाना भी वहीं ले जाइए, गोरखपुर अपना विकास खुद करेगा।

सीएम ने कहा कि आज उसी गीडा में तीन डेयरी प्लांट के साथ सीमेंट, स्टील और प्लास्टिक जैसे उद्योगों में निवेश हो रहा है। उनके मुताबिक, गीडा में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव पहले ही जमीन पर उतर चुके हैं।

सैफई महोत्सव पर खर्च होता था संस्कृति विभाग का बजट

bFvFDvDF

मुख्यमंत्री ने सपा सरकार पर परिवारवाद और क्षेत्रीय भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि गीडा की स्थापना के बाद शुरुआती 28 से 30 साल में अपेक्षित विकास नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले सरकारी धन का इस्तेमाल कब्रिस्तानों की बाउंड्री बनाने और गरीबों की जमीन पर कब्जे जैसे कामों में होता था।

सीएम योगी ने कहा कि उस समय संस्कृति विभाग के कुल बजट का 80 से 85 प्रतिशत हिस्सा सैफई महोत्सव पर खर्च हो जाता था। इसके उलट, मौजूदा सरकार प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बिना भेदभाव विकास कार्य करा रही है।

उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम मंदिर, मां विंध्यवासिनी धाम, मां शाकंभरी धाम, शुकतीर्थ, नैमिषारण्य, कुशीनगर, श्रावस्ती, सीर गोवर्धन और मगहर में हुए विकास कार्यों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर, संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि और ज्योतिबा फुले से जुड़े स्थलों समेत 4,030 से अधिक स्थानों पर प्रतिमाओं, मंदिरों और पार्कों का सुंदरीकरण कराया गया है।

मच्छर और माफिया से मुक्त हुआ पूर्वी उत्तर प्रदेश

vvfv

सीएम योगी ने कहा कि पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश की पहचान इंसेफेलाइटिस और माफिया के आतंक से होती थी। इंसेफेलाइटिस के कारण गरीब, दलित और पिछड़े परिवारों के बच्चों की जान जाती थी, जबकि माफिया उद्योगों से वसूली करते थे। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने बीमारी और अपराध, दोनों पर प्रभावी नियंत्रण किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में कट्टा और बम बनाने की चर्चा होती थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में एके-203 राइफल, वेबले स्कॉट रिवॉल्वर और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन रक्षा उत्पादों से देश की सुरक्षा क्षमता मजबूत हुई है।

मदुरै में दीपक जलाने से रोकने का भी उठाया मुद्दा

vvf

मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु के मदुरै के पास दीपक जलाने से रोके जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद वहां लोगों को दीपक नहीं जलाने दिया गया। सीएम ने इस मामले में वहां की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे लोगों की आस्था से ज्यादा अपने वोट बैंक की चिंता है।

उन्होंने अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां 36 लाख से अधिक दीप जलाए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था के सम्मान के साथ विकास और कानून-व्यवस्था भी जरूरी है।

यूपी की आबादी यूरोप के बराबर, फिर भी प्रदेश में शांति: सीएम

vSVSF

योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की आबादी की तुलना यूरोप की आबादी से करते हुए कहा कि अकेले यूपी में यूरोप के बराबर जनसंख्या है। इसके बावजूद प्रदेश में दंगा, कर्फ्यू, लूटपाट और आगजनी जैसी घटनाओं पर नियंत्रण है। उन्होंने दावा किया कि यूरोप के कई देशों में आए दिन हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं होती हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में स्थिति शांतिपूर्ण है।

25 एकड़ में बनेगा सरदार पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन

vSvFS

मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 25 एकड़ में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन बनाने की घोषणा की। यहां युवाओं को एक ही जगह पंजीकरण, साक्षात्कार और प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षण के साथ नौकरी की गारंटी देने की व्यवस्था की जाएगी।

इसका लाभ सहजनवां, खजनी, चिल्लूपार, बांसगांव, गोरखपुर ग्रामीण, कैंपियरगंज, पिपराइच और चौरी-चौरा समेत आसपास के जिलों के युवाओं को मिलेगा। इनमें कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, मऊ, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर, बस्ती और संतकबीरनगर शामिल हैं।

छह कंपनियों और संस्थानों के साथ हुए एमओयू

vSVSFv

समारोह में गीडा के सीईओ और छह कंपनियों व संस्थानों के प्रतिनिधियों के बीच निवेश और प्रशिक्षण से जुड़े समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ। इनमें स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में काम करने वाली एक्मे क्लीनटेक सॉल्यूशंस, दवा निर्माण से जुड़ी सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स और ऑर्बिट इंडस्ट्रीज शामिल हैं।

इसके अलावा एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरी, जलीय कृषि के लिए पशु आहार तैयार करने वाली दीपक नेक्सजेन फीड्स और महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के साथ भी एमओयू हुआ। एमपीआईटी के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, ड्रोन और 3डी तकनीक के क्षेत्र में प्रशिक्षण व विकास पर काम किया जाएगा।

आवास आवंटन पत्र और चेक भी बांटे

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के आवंटियों आलोक कुमार यादव और शुभम द्विवेदी को आवास आवंटन पत्र दिए। इसके अलावा ऑलइनप्रो इंडस्ट्रीज, गिर्वाना फूड्स एंड एग्रो इंडस्ट्रीज, शशिब्लेस एंटरप्राइजेज, आईके फूड एंड बेवरेजेज और मेसर्स रमाकांत यादव को भी आवंटन पत्र सौंपे गए।

नाइलिट गीडा स्टडी सेंटर के तीन विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए। ओडीओपी मार्जिन मनी योजना के तहत मनोज कुमार गुप्ता को 10 लाख, प्रीति शुक्ला को 16 लाख और राजकुमार को 5 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं, विश्वकर्मा श्रम सम्मान और ओडीओपी प्रशिक्षण योजना के लाभार्थियों को टूलकिट दी गई।

ट्रेड शो और डिजिटल प्रदर्शनी का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने समारोह स्थल पर गीडा की विकास परियोजनाओं पर आधारित डिजिटल प्रदर्शनी, विभागीय स्टॉल, गोरखपुर ट्रेड शो और एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इस दौरान गीडा के विकास पर बनी लघु फिल्म भी दिखाई गई।

सीएम योगी ने गीडा प्रशासन, जिला प्रशासन और चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज से अपील की कि स्कूली बच्चों, व्यापारियों और उद्यमियों को ट्रेड शो में लाया जाए, ताकि वे प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, ओडीओपी उत्पादों और स्थानीय व्यंजनों को समझ सकें।

मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार

एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बेहतर कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को प्रदेश में बढ़ते निवेश की वजह बताया।

सांसद रवि किशन ने कहा कि सपा सरकार के दौरान गीडा का विकास ठप था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इसकी तस्वीर बदल गई है। सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में गीडा तेजी से विकसित हुआ है और यहां 500 से 600 कंपनियां स्थापित हो चुकी हैं।

कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, विधायक विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, फतेह बहादुर सिंह, महेंद्र पाल सिंह, इंजीनियर श्रवण कुमार निषाद समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्यमी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।