Breaking News

लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत हृदयविदारक: CM सम्राट चौधरी     |   बिहार: लखीसराय के मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत     |   ऑटो चालकों का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन आज, वेलफेयर बोर्ड की मांग     |   इंडोनेशिया भूकंप में मरने वालों की संख्या 53 हुई     |   NEET-UG पेपर लीक के बाद NTA की सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी, ₹7.5 करोड़ का टेंडर आज खुलेगा     |  

CEC की बैठक में फैसला, विनेश फोगाट जुलाना सीट से लड़ेंगी चुनाव

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस केंद्रीय समिति की आज बैठक हुई. बैठक में फैसला लिया गया है कि विनेश फोगाट जुलाना सीट से चुनाव लड़ेंगी. वहीं, बजरंग पुनिया को चुनावी मैदान में नहीं उतरने का फैसला लिया गया है. पार्टी ने कुल 71 सीटों पर नाम तय किए हैं.

पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। पार्टी ने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति फैसला करेगी कि वे चुनाव लड़ेंगे या नहीं। फोगाट और पुनिया कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, प्रवक्ता पवन खेड़ा और हरियाणा कांग्रेस प्रमुख उदय भान की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। इससे पहले दोनों ने कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की थी। कांग्रेस में शामिल होने के बाद फोगट ने कहा कि वो नहीं चाहतीं कि किसी दूसरी खिलाड़ी को भी उस दौर से गुजरना पड़े, जिससे वो गुजरीं।

उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी का मैं बहुत-बहुत धन्यवाद करती हूं क्योंकि बुरे टाइम में पता चलता है कि अपना कौन है क्योंकि जब हम रोड पर घसीटे जा रहे थे तो छोड़कर बीजेपी को जितनी भी पार्टियां हैं देश में, वो हमारे को समझ रही तीं, हमारे दर्द को समझ पा रही थीं। हमारे आंसूओं को समझ पा रही थीं। मैं बहुत प्राउड फील कर रही हूं कि मैं ऐसी पार्टी मेंं, ऐसी विचारधारा में हूं, जो महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय और बुरे बर्ताव के खिलाफ खड़ी है। वो लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं सड़क से संसद तक, मैं विश्वास दिलाती हूं पूरे देशवासियों को जो मेहनत और लगन से हमने रेसलिंग में काम किया है। हम चाहते हैं कि देश के हर एक नागरिक को, जो दर्द, जो तकलीफ हमने झेली है, खासकर महिलाओं के लिए, हर एक महिला के साथ हम खड़े हैं, जो लाचार-बेबस महसूस करती है। रेस्लिंग में मैंने छोटी बच्चियों को इंस्पायर किया है। मैं चाहती तो जंतर-मंतर पर रेस्लिंग छोड़ सकती थी। बीजेपी आईटी सेल ने कोशिश की, कहा कि हम चले हुए कारतूस हैं। हम खत्म हो गए हैं। हम पॉलिटिक्स कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये रेस्लिंग नहीं करना चाहती, मैंने रेसलिंग की। उन्होंने कहा ये ट्रायल नहीं देना चाहती, मैंने ट्रायल दिया। उन्होंने कहा ओलंपिक्स लेवल तक नहीं जाना चाहती, मैं ओलंपिक्स में गई, लेकिन वहां परमात्मा को कुछ और मंजूर था।''

पुनिया और फोगट ने 2023 में पूर्व बीजेपी सांसद और तत्कालीन भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। विनेश फोगाट ने निजी कारणों का हवाला देते हुए शुक्रवार को रेलवे की नौकरी से इस्तीफा दे दिया। यह पूछे जाने पर कि क्या वे हरियाणा में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, कांग्रेस ने कहा कि उसकी केंद्रीय चुनाव समिति इस पर फैसला लेगी। हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत हो रही है। हरियाणा की 90 सीटों पर पांच अक्टूबर को मतदान होगा और आठ अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी।