Breaking News

यूपी चुनाव: सीट शेयरिंग पर बातचीत के बीच सपा की आई लिस्ट, कांग्रेस हुई नाराज     |   सऊदी की राजधानी रियाद पर हूतियों का फिर हमला, 2 भारतीय समेत 11 लोग जख्मी     |   PM नरेंद्र मोदी की जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ फोन पर हुई बातचीत     |   अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA पर बड़ा साइबर अटैक     |   तुर्की में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में 5 सैनिकों की मौत     |  

मुख्यमंत्री धामी ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को प्रदान किए नियुक्ति पत्र

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों की भागीदारी पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश की दूसरी बेटियों को भी सरकारी सेवाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए अभ्यर्थियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और संकल्प का परिचय दिया है। उनकी सफलता में माता-पिता और शिक्षकों का भी अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी पद हासिल करने के साथ ही अधिकारियों के कंधों पर जनता की सेवा और समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी भी आई है। आम लोगों को समय पर राहत पहुंचाना ही उनकी कार्यक्षमता की असली कसौटी होगी।

राजस्व मामलों का समय पर और संवेदनशीलता से करें निस्तारण

सीएम धामी ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व व्यवस्था का अहम हिस्सा होते हैं। भूमि, आजीविका और नागरिकों के अधिकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले उनके कार्यक्षेत्र में आते हैं। ऐसे में नामांतरण, भूमि पैमाइश, सीमांकन और राजस्व रिकॉर्ड से संबंधित प्रकरणों को पूरी सावधानी, निष्पक्षता और तय समयसीमा के भीतर निपटाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को याद दिलाया कि किसानों के लिए जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि उनके परिवार की आजीविका और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का आधार होती है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि तहसील पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता और धैर्य के साथ सुनी जाए। लोगों को जरूरी दस्तावेजों और सरकारी प्रक्रियाओं की सही जानकारी दी जाए, जिससे उन्हें एक ही काम के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से तहसील आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।

आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने में निभाएं अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन में राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी काफी बढ़ जाती है। आपदा के दौरान नुकसान का आकलन सही तरीके और निर्धारित समय में किया जाना चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमों के अनुसार जल्द सहायता मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का पालन करने की हिदायत दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी अधिकारी को दबाव, सिफारिश या लालच के प्रभाव में आकर निर्णय नहीं लेना चाहिए। हर मामले में कानून और उपलब्ध तथ्यों को आधार बनाकर निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। बिना किसी सिफारिश के अपना जायज काम कराने पहुंचे व्यक्ति को भी समान प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को बनाएं कार्यशैली का आधार

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को सरल और जनहितकारी बनाने के लिए ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। नवनियुक्त अधिकारी भी इस सोच को अपने कामकाज में अपनाएं। नागरिकों को उनके आवेदनों की प्रगति की जानकारी मिलनी चाहिए और सरकारी प्रक्रियाओं को अनावश्यक रूप से जटिल नहीं बनाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में राज्य के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि हर नियुक्ति के पीछे एक युवा का संघर्ष और उसके परिवार की उम्मीदें होती हैं। इसलिए अधिकारियों को अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।

मुख्य सचिव ने भी अधिकारियों को दी जनसेवा की सीख

कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा का उद्देश्य केवल नौकरी करना नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से आम नागरिकों को अधिकतम लाभ पहुंचाना है। विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं पर ध्यान देना जरूरी है, जिनकी पहुंच प्रशासन में केवल तहसील स्तर तक होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी जनसेवा के उद्देश्य को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करेंगे।

इस अवसर पर सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं राजस्व परिषद की आयुक्त रंजना राजगुरु समेत राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।