Breaking News

इराक के बिजली स्टेशन में भीषण आग, 4 लोगों की मौत और 30 घायल     |   AI शेयरों में गिरावट की आशंका से Bitcoin क्रैश, 2 साल के निचले स्तर पर पहुंची कीमत     |   पिता के नाम पर बना 'नीतीश सेतु' तो भावुक हुए निशांत कुमार... बोले- हम सबके लिए गर्व और सम्मान की बात     |   UP में स्पेशल TET का रिजल्ट घोषित, सफल कैंडिडेट्स के सर्टिफिकेट भी जारी     |   ओडिशा: चक्रवात 'अकवान' के एक दिन बाद पुरी में घना कोहरा छाया     |  

मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हुए सीएम योगी, हरिद्वार में हुआ अंतिम संस्कार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी, हरिद्वार के चंडी घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई राजनीतिक हस्तियां और गणमान्य लोग मौजूद रहे। देश के अलग-अलग हिस्सों से साधु-संत भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी ने 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली थी। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। यहां उन्होंने मां की पार्थिव देह को कंधा देकर अंतिम विदाई की रस्मों में हिस्सा लिया। उन्होंने अपनी मां की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री काफी भावुक दिखाई दिए।

सीएम धामी ने योगी आदित्यनाथ के समर्पण की सराहना की

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन को बेहद दुखद बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि मां को खोने का दुख बेहद कठिन होता है। ऐसे समय में ईश्वर योगी आदित्यनाथ को यह पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें।

धामी ने यह भी कहा कि निजी जीवन में इतनी बड़ी क्षति के बावजूद योगी आदित्यनाथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। यह उनके कर्तव्यबोध और समर्पण को दर्शाता है।

पीएम मोदी ने फोन कर सीएम योगी को दी सांत्वना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात कर उनकी माता के निधन पर शोक व्यक्त किया था। वहीं, मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी मां को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ‘मां… ॐ शांति।’

इसके अलावा, सावित्री देवी के निधन पर आयोजित महिला मोर्चा प्रदेश प्रवास बैठक में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी उपस्थित रहे।