केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया, उन्होंने दावा किया कि कश्मीर घाटी में अब कोई भी स्थानीय आतंकवादी सक्रिय नहीं है। हाल ही में पुलवामा में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े आखिरी ज्ञात स्थानीय आतंकी के मारे जाने के बाद घाटी में सक्रिय सभी आतंकवादी विदेशी हैं।
अरुणाचल प्रदेश के बंदरदेवा में आयोजित राष्ट्रपति पुलिस पदक (President’s Police Colour) सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि कश्मीर पुलिस ने मुठभेड़ में लश्कर से जुड़े आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी को ढेर कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए गर्व की बात है कि अब घाटी में कोई स्थानीय आतंकवादी नहीं बचा है और वहां सक्रिय आतंकी विदेशी हैं।
गृह मंत्री ने 1990 के दशक के उस दौर को भी याद किया, जब कश्मीर घाटी में आतंकवाद चरम पर था। उन्होंने कहा कि उस समय देश के सामने यह सवाल खड़ा हो गया था कि आखिर भारत कब तक कश्मीर को अपने साथ बनाए रख पाएगा। तत्कालीन मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के इंग्लैंड चले जाने के बावजूद सुरक्षा बलों ने अपने साहस और पराक्रम से कश्मीर को देश के साथ जोड़े रखा।
अमित शाह ने अनुच्छेद 370 हटाए जाने के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2019 में जब केंद्र सरकार ने इसे समाप्त किया था, तब विपक्षी दलों ने इस फैसले पर सवाल उठाए थे। विपक्ष का तर्क था कि अनुच्छेद 370 और आतंकवाद का आपस में क्या संबंध है। लेकिन आज इसके परिणाम सामने हैं, उन्होंने दावा किया कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद कश्मीर के युवाओं में अलगाववाद की भावना समाप्त हुई है। गृह मंत्री के मुताबिक, आज घाटी में कोई भी कश्मीरी युवा आतंकवाद की राह पर नहीं है। उन्होंने इसे देश के लिए गौरव और सम्मान का विषय बताया।
इस दौरान अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किए जाने को राज्य और वहां की पुलिस के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल पुलिस बल का गौरव नहीं है, बल्कि पूरे अरुणाचल प्रदेश के लोगों और राज्य के नेतृत्व के लिए भी गर्व का अवसर है।
गृह मंत्री ने कहा कि देश के पूर्वोत्तर में स्थित अरुणाचल प्रदेश सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। दिल्ली से हजारों किलोमीटर दूर और प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच स्थित इस राज्य की सुरक्षा, शांति, समृद्धि और विकास पूरे देश के लिए अहमियत रखते हैं। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश पुलिस को देश के सर्वोच्च पुलिस सम्मानों में शामिल राष्ट्रपति पुलिस पदक मिलने पर बधाई दी। साथ ही मुख्यमंत्री और राज्य की जनता को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। गौरतलब है कि अरुणाचल प्रदेश पुलिस को देश और राज्य के लोगों के प्रति समर्पित सेवा तथा कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।