Breaking News

कई देशों में Apple की सेवाएं ठप, आईक्लाउड और ऐप्पल पे प्रभावित     |   रूस में बड़ा विमान हादसा, सेना का An-12 प्लेन क्रैश, क्रू समेत 19 लोगों की मौत     |   इजरायल में नेतन्याहू को झटका, आइजनकोट गुट ने अपना स्पीकर चुना     |   Nvidia की तिमाही बिक्री ने रचा इतिहास, पहली बार 100 अरब डॉलर का आंकड़ा पार     |   पुणे के टिंबर मार्केट में आग का तांडव, 50 से अधिक दुकानें आईं चपेट में     |  

सीएम योगी का सपा-कांग्रेस पर निशाना, बोले- राम भक्तों के अपमान के लिए दोनों दलों को मांगनी चाहिए माफी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्हें राम मंदिर और सनातन आस्था का विरोधी बताया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इन दोनों दलों का पुराना रवैया अयोध्या और राम मंदिर के खिलाफ रहा है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राम भक्तों के खून से इनके हाथ रंगे हैं और अपने पुराने कृत्यों के लिए इन्हें माफी मांगनी चाहिए।

राजनीतिक मुद्दों के साथ उत्तर प्रदेश के विकास और भविष्य की योजनाओं पर भी मुख्यमंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को 2029-30 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश तैयार करने की दिशा में काम हो रहा है।

एसआईआर से मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम जुड़ेंगे: योगी

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सूची को दुरुस्त करने की जरूरी प्रक्रिया है। उनके मुताबिक, जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम हटाए जाने चाहिए। वहीं, भारत का नागरिक नहीं होने वाले लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं होना चाहिए। हर योग्य वयस्क भारतीय नागरिक को मतदान सूची में जगह मिलनी चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता भी पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग करेंगे। विपक्ष की ओर से वोट चोरी और ईवीएम को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक असफलताओं का ठीकरा कभी ईवीएम, कभी वोट चोरी और कभी एसआईआर पर फोड़ती है। मुख्यमंत्री के अनुसार, चुनाव में जीत मिलने पर विपक्ष इसे अपनी उपलब्धि बताता है, जबकि हार के बाद निर्वाचन आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगता है।

उन्होंने निर्वाचन आयोग और न्यायपालिका को संवैधानिक व्यवस्था के अहम संस्थान बताते हुए कहा कि इनकी निष्पक्षता पर सवाल उठाना संविधान निर्माताओं का अपमान है। योगी ने कांग्रेस पर संविधान की भावना के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी को लेकर उन्होंने कहा कि वह ऐसी मुहिमों में शामिल होते हैं, जिनसे भारत और उसकी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े होते हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें आरोप लगाने के बजाय तथ्यों और सबूतों के आधार पर बात रखने की सलाह दी।

अखिलेश के बयानों से समझिए सपा की राजनीति: सीएम

समाजवादी पार्टी के पीडीए में पंडितों को शामिल करने से जुड़े अखिलेश यादव के बयान पर भी योगी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सपा की सोच और उसका असली चेहरा जानने के लिए पार्टी के नेताओं के बयानों को देखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने दादरी में अखिलेश यादव के कार्यक्रम में शामिल हुए सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के बयान का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रतापगढ़ के सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल और पूर्व सांसद राजाराम पाल के बयानों का भी उल्लेख किया। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा का पिछला रिकॉर्ड हिंदू समाज की अलग-अलग जातियों के प्रति उसके व्यवहार को दिखाता है।

राम जन्मभूमि ट्रस्ट मामले में जांच के बाद हुई कार्रवाई

राम जन्मभूमि ट्रस्ट से जुड़े चंदे के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित एक स्वतंत्र संस्था है। इसके कामकाज में केंद्र या राज्य सरकार का सीधा हस्तक्षेप नहीं होता। मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट की तरफ से एफआईआर दर्ज कराई गई और सरकार ने जांच के लिए एसआईटी गठित की। सीएम योगी के मुताबिक, जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मामले से जुड़ी प्रक्रिया और तथ्यों पर संतुष्टि जताई थी। आगे सजा से संबंधित फैसला निचली अदालत पर छोड़ा गया है। इस मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए योगी ने कहा कि अयोध्या और राम भक्तों का अपमान करने वाले दल आज चंदे को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले राम भक्तों पर लाठी-गोली चलाई गई और अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता, जैसी बातें कही गईं। इसके उलट अब बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि सपा और कांग्रेस ने अयोध्या में दीपोत्सव, राम पथ, धर्म पथ, जन्मभूमि पथ, रामजी की पैड़ी, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और रेलवे कनेक्टिविटी जैसे विकास कार्यों का विरोध किया। योगी ने यह भी कहा कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण मिलने के बाद भी इन दलों के नेता कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

ओवैसी और चंद्रशेखर को सपा-कांग्रेस की 'बी टीम' बताया

असदुद्दीन ओवैसी और सांसद चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने भाजपा को नुकसान पहुंचाने के मकसद से अपनी सहयोगी 'बी टीम' को चुनावी मैदान में उतारा है।

सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब दो नावों पर सवार होने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सपा पर दलितों और दलित महापुरुषों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी वजह से दलित समाज का भरोसा पार्टी से उठ गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, भाजपा को रोकने और राजनीतिक माहौल बिगाड़ने की विपक्ष की कोशिश सफल नहीं होगी।

2029-30 तक यूपी को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अपना विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। इसी दिशा में प्रदेश के विकास की योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।

सीएम योगी ने भरोसा जताया कि 2029-30 तक उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर प्रदेश के लिए युवाओं को रोजगार देना, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना, किसानों की उपज का बेहतर मूल्य दिलाना और श्रमिकों को सम्मानजनक मानदेय उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके साथ ही उद्यमियों और व्यापारियों को सुरक्षित माहौल देने पर भी सरकार काम कर रही है।