Breaking News

कई देशों में Apple की सेवाएं ठप, आईक्लाउड और ऐप्पल पे प्रभावित     |   रूस में बड़ा विमान हादसा, सेना का An-12 प्लेन क्रैश, क्रू समेत 19 लोगों की मौत     |   इजरायल में नेतन्याहू को झटका, आइजनकोट गुट ने अपना स्पीकर चुना     |   Nvidia की तिमाही बिक्री ने रचा इतिहास, पहली बार 100 अरब डॉलर का आंकड़ा पार     |   पुणे के टिंबर मार्केट में आग का तांडव, 50 से अधिक दुकानें आईं चपेट में     |  

सीएम योगी बोले- सिस्टम को चुनौती देने वाले हर अपराधी पर होगी कार्रवाई, यूपी में मजबूत हुई कानून-व्यवस्था

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और गुंडागर्दी के खिलाफ सरकार की नीति स्पष्ट है। कार्रवाई सिर्फ माफिया तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यवस्था को चुनौती देने वाले हर अपराधी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में विकास, निवेश और रोजगार के लिए सबसे पहले सुरक्षित माहौल जरूरी है।

योगी के मुताबिक, जिस राज्य में दंगे और कर्फ्यू जैसी स्थिति रहती है, वहां उद्योगपति निवेश करने से बचते हैं। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने पर ही बड़े प्रोजेक्ट लग सकते हैं, बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार हो सकता है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।

यूपी पुलिस में 2.30 लाख भर्तियों की प्रक्रिया पूरी

पुलिस व्यवस्था में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश पुलिस में करीब डेढ़ लाख पद खाली थे। भर्ती प्रक्रिया भी कानूनी अड़चनों के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही थी। सरकार ने अदालत के निर्देशों के अनुसार भर्ती व्यवस्था में बदलाव किया और नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू कराई।

सीएम योगी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में खाली पदों पर नियुक्ति और नए पदों के सृजन को मिलाकर करीब 2.30 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इसके अलावा 32 हजार पदों पर भर्ती अंतिम चरण में है। इन अभ्यर्थियों के सत्यापन का काम चल रहा है और जल्द ही उन्हें नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने की क्षमता 10 गुना बढ़ी

योगी ने बताया कि पहले उत्तर प्रदेश में एक बार में केवल छह हजार पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था थी। शुरुआती दौर में भर्ती हुए जवानों को ट्रेनिंग देने के लिए दूसरे राज्यों, केंद्र सरकार, अर्धसैनिक बलों और सेना के प्रशिक्षण केंद्रों की मदद लेनी पड़ी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, अब प्रदेश ने अपनी प्रशिक्षण क्षमता बढ़ाकर एक साथ 60 हजार पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग देने लायक बना ली है।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछली समाजवादी पार्टी सरकार ने पीएसी की 34 कंपनियां खत्म कर दी थीं। मौजूदा सरकार ने आपदा से निपटने के लिए एसडीआरएफ का गठन किया। इसके अलावा औद्योगिक संस्थानों, एयरपोर्ट और मेट्रो जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं की सुरक्षा के लिए स्पेशल सिक्योरिटी फोर्सबनाई गई।

सभी 18 मंडलों में फॉरेंसिक लैब, 75 जिलों में साइबर थाने

पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस करने के प्रयासों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में प्रदेश में सिर्फ दो फॉरेंसिक लैब काम कर रही थीं। अब सभी 18 मंडलीय मुख्यालयों पर ए-ग्रेड फॉरेंसिक लैब स्थापित की जा चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले माफिया से भूमि खाली कराई गई और उसी जगह यूपी पुलिस फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट बनाया गया। यहां डिग्री, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट स्तर के पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के तहत सात साल से अधिक सजा वाले मामलों में फॉरेंसिक साक्ष्य की अहम भूमिका है। इसे देखते हुए प्रदेश में जांच और साक्ष्य जुटाने की व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

साइबर अपराधों से निपटने के लिए भी पुलिस नेटवर्क का विस्तार किया गया है। योगी के मुताबिक, पहले साइबर थाने केवल लखनऊ और नोएडा में थे, लेकिन अब सभी 75 जिलों में साइबर थाने स्थापित हैं। हर पुलिस थाने में साइबर हेल्पलाइन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके साथ ही प्रदेश के सात शहरों में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू की गई है।

हजरतगंज की घटना का जिक्र कर सपा सरकार पर साधा निशाना

पुरानी कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री ने लखनऊ के हजरतगंज की एक घटना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय एक आरोपी ने डिप्टी एसपी को अपनी कार के बोनट पर लटकाकर कई किलोमीटर तक घुमाया था, लेकिन उस वक्त पुलिस व्यवस्था मूकदर्शक बनी रही।

योगी ने दावा किया कि अब प्रदेश में अपराधियों के लिए इस तरह की मनमानी की कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून का शासन स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है और उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था दूसरे राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रही है।