आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने भविष्य में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा उपाय अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत वाहनों की निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन कराने के साथ चालकों की काउंसलिंग और स्वास्थ्य जांच भी कराई जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस संबंध में अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग, परिवहन आयुक्त, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) और प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को पत्र जारी किया है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने और निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
गति सीमा का पालन नहीं करने वालों पर होगी सख्ती
ब्रजेश पाठक ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहनों के लिए निर्धारित गति सीमा का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए। इसके साथ ही वाहन चालकों की समय-समय पर काउंसलिंग की जाए, ताकि उन्हें तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले हादसों के प्रति जागरूक किया जा सके।
एक्सप्रेसवे पर एंट्री से पहले होगी चालकों की जांच
उप मुख्यमंत्री ने वाहन चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं। एक्सप्रेसवे पर प्रवेश से पहले चालकों की जांच की जाएगी, जिससे पता लगाया जा सके कि उन्होंने किसी भी तरह के मादक पदार्थ का सेवन तो नहीं किया है। उन्होंने साफ कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने की किसी भी स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विभागीय समन्वय से लागू होंगे सुरक्षा उपाय
ब्रजेश पाठक ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जरूरी नीतियां तैयार करने और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा है। इसका उद्देश्य एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भविष्य में ऐसी दर्दनाक दुर्घटनाओं को रोकना है।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करना होगा।