Breaking News

भारतीय T20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमित शाह से की मुलाकात     |   IRGC लंबे समय से दुनिया भर में आतंकवाद की घटनाओं को अंजाम दे रहा है: रुबियो     |   मुंबई में वडाला RTO के पास दो BEST बसें और तीन कारें आपस में टकराईं     |   ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-3 में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी     |   राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल से ईरान पर की चर्चा     |  

गोवर्धन पूजा पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, गायों को खिलाया चारा, राजस्थान के सीएम भजनलाल ने भी की पूजा

देशभर में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पीएम मोदी ने इस खास मौके पर गायों को चारा भी खिलाया। प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर सभी को सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मिले।

गोवर्धन पूजा को अन्नकूट के नाम से भी जाना जाता है। यह त्योहार दिवाली के अगले दिन मनाया जाता है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र देव के प्रकोप से वृंदावन के लोगों और गायों की रक्षा के लिए सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाकर रखा था। इसी घटना की याद में यह पर्व मनाया जाता है।

दिल्ली के स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने गोवर्धन पूजा की और भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। वहीं, वसंत कुंज में स्थानीय लोगों ने सजावटी सामग्री से गोवर्धन महाराज की प्रतिमा तैयार कर सामूहिक रूप से पूजा की।

स्थानीय निवासी माला शर्मा ने बताया कि गोवर्धन महाराज की प्रतिमा तैयार करने में करीब चार घंटे लगते हैं। इसके लिए दिवाली के बचे हुए लावे, फूल, पत्तियां, गोबर और अन्य सजावटी सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। साथ ही आटा, हल्दी और होली के लिए सुरक्षित रखे गए रंगों से भी प्रतिमा को सजाया जाता है।

माला शर्मा ने कहा कि गोवर्धन पूजा का मुख्य उद्देश्य प्रकृति की पूजा करना और गायों का सम्मान करना है। आधुनिक दौर में भले ही विज्ञान और तकनीक तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन लोगों को अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़े रहना चाहिए। इन मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है।

इस मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी अपनी पत्नी के साथ श्रीनाथजी और गिरिराजजी की विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने डीग में श्री गिरिराज जी महाराज के दर्शन किए और भगवान श्रीनाथजी की पूजा कर आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने भगवान श्रीनाथजी से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही राजस्थान की निरंतर प्रगति और खुशहाली के लिए भी प्रार्थना की।