उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को न तो संविधान की चिंता है और न ही लोकतंत्र की मर्यादा का सम्मान। लोकतंत्र की आड़ में जनता को गुमराह करने और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी। जनता विपक्ष के राजनीतिक स्वार्थ और दोहरे चरित्र को पहचान चुकी है।

ब्रजेश पाठक बुधवार को कानपुर में भारतीय जनता पार्टी के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ : अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए। यह पदयात्रा बृजेंद्र स्वरूप पार्क से मोती झील तक निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पदयात्रा में उमड़ी भीड़ इस बात का संदेश है कि जनता देश की एकता, विकास और सुशासन के साथ खड़ी है। यह अभियान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनजागरण का प्रतीक है।
चुनाव हारने पर लोकतंत्र पर सवाल उठाता है विपक्ष

ब्रजेश पाठक ने कहा कि इंडी गठबंधन के नेता चुनाव हारने के बाद लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं और जनता द्वारा नकारे जाने पर संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है और हर राजनीतिक दल को उसका सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर भ्रम फैलाना और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करता है। विपक्ष को संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को राजनीतिक स्वार्थ का हथियार नहीं बनाना चाहिए।
विकास और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ रहा यूपी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसानों के हितों की रक्षा और युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी बीते वर्षों में विकास और सुशासन के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। प्रदेश आज कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक निवेश, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाने की अपील

ब्रजेश पाठक ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब तथ्यों और सरकार के कामकाज के आधार पर दें। कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का रास्ता है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर काम करता है।
कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद

पदयात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह-प्रभारी जगदीश भाई पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू, सांसद देवेंद्र भोले, सांसद रमेश अवस्थी, मंत्री राकेश सचान, असीम अरुण, प्रकाश पाल, कृष्णा पासवान, रामकेश निषाद, महापौर प्रमिला पांडेय समेत कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।