Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

गांधीनगर लोकसभा सीट से अमित शाह ने नामांकन किया दाखिल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात की गांधीनगर लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के दौरान अमित शाह के साथ गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी भी मौजूद रहे। गृह मंत्री ने गुरुवार को करीब 20 किमी की दूरी तय करते हुए तीन बैक-टू-बैक रोड शो किए थे।

दिन का उनका तीसरा और आखिरी रोड शो अहमदाबाद शहर के साबरमती, घाटलोदिया, नारणपुरा और वेजलपुर विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले इलाकों से गुजरा। ये इलाके गांधीनगर लोकसभा सीट का हिस्सा हैं। गांधीनगर लोकसभा सीट में सात विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं - गांधीनगर उत्तर, कलोल, साणंद, घाटलोदिया, वेजलपुर, नारणपुरा और साबरमती। ये सभी विधानसभा सीटें बीजेपी के पास हैं।

अमित शाह ने 2019 में गांधीनगर से पांच लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। अमित शाह से पहले इस सीट का प्रतिनिधित्व बीजेपी के दिग्गज नेता और पूर्व उप- प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने किया था। कांग्रेस ने गांधीनगर से पार्टी के सचिव सोनल पटेल को मैदान में उतारा है। पटेल ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों पर एक ही चरण में सात मई को मतदान होगा।