Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

अयोध्या में विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया सूर्योदय: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्री अयोध्या धाम में विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया सूर्योदय हुआ है। सप्तपुरियों में श्रेष्ठ अयोध्या अपने 10वें भव्य-दिव्य दीपोत्सव के स्वागत में उत्साहित है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर दीपोत्सव की महत्ता, अयोध्या में हुए विकास कार्यों और रामनगरी की बदलती तस्वीर का उल्लेख किया।

सीएम योगी ने कहा कि लाखों दीपों से जगमगाता सरयू तट, रामायण के प्रसंगों को जीवंत करती झांकियां, भव्य शोभायात्राएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करेंगी। दीपोत्सव का हर दीप प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा का प्रतीक होगा और हर लौ सनातन संस्कृति के गौरव का उद्घोष करेगी।

2017 के बाद अयोध्या में विकास को मिली नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले अयोध्या उपेक्षा, अव्यवस्था और बदहाली का सामना कर रही थी। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए रामभक्तों पर गोली चलवाने और हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने की घटना का उल्लेख किया। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी सरकार को राम की अयोध्या के विकास से क्या मतलब था?

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रभु श्रीराम की कृपा से अयोध्या में विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया दौर शुरू हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से रामनगरी अपने प्राचीन वैभव को फिर से प्राप्त कर रही है।

राम मंदिर से आधुनिक सुविधाओं तक बदली अयोध्या की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि भव्य श्रीराम मंदिर, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, सुसज्जित रामपथ, नए घाट और आधुनिक सुविधाओं ने रामनगरी को नई पहचान दी है। सोलर सिटी के रूप में विकसित होती अयोध्या आज आस्था और आधुनिकता के संगम के रूप में उभर रही है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या के इस नए स्वरूप की सबसे सुंदर झलक दीपोत्सव में दिखाई देती है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी दुनिया के सामने प्रस्तुत करता है।

1.71 लाख दीपों से शुरू हुआ सफर, अब विश्व रिकॉर्ड पर नजर

सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2017 में 1.71 लाख दीपों से शुरू हुई दीपोत्सव की यात्रा आज देश और दुनिया के करोड़ों रामभक्तों की श्रद्धा का प्रतीक बन चुकी है। इस वर्ष भी दीप प्रज्ज्वलन का विश्व कीर्तिमान बनाने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव उन पीढ़ियों के सपनों का उजाला है, जिन्होंने सदियों तक अयोध्या को उसके प्राचीन और त्रेतायुगीन स्वरूप में देखने की अभिलाषा संजोए रखी। आज दीपोत्सव का हर दीप सांस्कृतिक स्वाभिमान, आस्था की विजय और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को दर्शाता है।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश का समापन 'जय जय श्री राम' के उद्घोष के साथ किया।