Breaking News

CBI ने 'अभय' हेल्पबॉट लॉन्च किया, लोगों को साइबर क्राइम-डिजिटल अरेस्ट से बचाएगा     |   प्रतीक यादव की अस्थियां कल हरिद्वार में प्रवाहित होंगी, अखिलेश-अमन बिष्ट रहेंगे मौजूद     |   'सरकार ₹12.35/Kg की दर से प्याज खरीदेगी', पुणे में बोले कृषि मंत्री शिवराज सिंह     |   जापान में आया जोरदार भूकंप, रिक्टर स्केल 6.6 तीव्रता रही, सुनामी का अलर्ट नहीं     |   MP की धार भोजशाला मामले में हिंदू पक्षकार ने सुप्रीम कोर्ट में केविएट दाखिल की     |  

FSSAI ने ब्लिंकिट से खराब अंडों की बिक्री पर मांगा जवाब, एक हफ्ते का दिया समय

New Delhi: भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने रोजमर्रा के सामान की त्वरित आपूर्ति करने वाली कंपनी ब्लिंकिट से उसके मंच पर कथित रूप से खराब गुणवत्ता के अंडों की बिक्री को लेकर उपभोक्ता शिकायतों पर जवाब मांगा है।

सूत्रों ने शुक्रवार को कहा कि खाद्य नियामक ने सोशल मीडिया पर सामने आई शिकायतों का स्वत: संज्ञान लेते हुए ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड को पत्र लिखकर एक हफ्ते के अंदर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट देने को कहा है। सोशल मीडिया पर दर्ज शिकायतों में उपभोक्ताओं ने अंडों से बदबू आने और उनकी बनावट रबर जैसी होने की बात कही है।

सूत्रों के मुताबिक, एफएसएसआई का मानना है कि ई-कॉमर्स कंपनियां भी अपने मंच पर बेचे जाने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता के लिए जिम्मेदार हैं। प्राधिकरण ने तीन दिसंबर, 2024 के एक परामर्श का हवाला देते हुए कहा कि खाद्य क्षेत्र में ई-कॉमर्स के बढ़ते दायरे को देखते हुए ऑनलाइन मंचों पर बेचे जाने वाले उत्पादों की सुरक्षा, गुणवत्ता और प्रामाणिकता सुनिश्चित करना जरूरी है।

इस परामर्श में कहा गया था कि ई-कॉमर्स विक्रेता ये सुनिश्चित करें कि उनके मंच पर सूचीबद्ध उत्पाद खाद्य सुरक्षा और मानक (लेबलिंग एवं प्रदर्शन) विनियम, 2020 के अनुरूप हों और बिना वैध लाइसेंस या पंजीकरण वाले विक्रेताओं को सूचीबद्ध न किया जाए।