पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने विशेष अभियान चलाते हुए 15 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में जुटे न्यायिक अधिकारियों को अवैध रूप से रोकने और सड़क जाम करने का आरोप है।
पिछले महीने हुई इन घटनाओं का संज्ञान सुप्रीम कोर्ट ने लिया था, जिसके बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर NIA ने जांच अपने हाथ में ली। सोमवार को एजेंसी ने मालदा जिले में व्यापक अभियान चलाकर दोनों मामलों में कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया। पहले मामले में 12 लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें मुख्य आरोपी जोशिम शेख और असमाउल शेख शामिल हैं। इन पर आरोप है कि इन्होंने हैबतटोला और अमलीटोला मार्ग पर एक महिला न्यायिक अधिकारी को करीब 8 घंटे तक रोके रखा था।
दूसरे मामले में मोथाबाड़ी ब्लॉक स्थित बागमारा ब्रिज पर सड़क जाम करने के आरोप में आलमगीर शेख, नुरुल इस्लाम और हबीबुर रहमान को गिरफ्तार किया गया है। एनआईए के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि सड़क जाम और न्यायिक अधिकारियों को रोकने की घटनाओं के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं थी।