Breaking News

दिल्ली दंगे: उमर खालिद की जमानत याचिका फिर खारिज     |   हावड़ा-रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस के जनरल कोच में उठा धुआं, मची अफरा-तफरी     |   केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने Re-NEET की तैयारियों पर समीक्षा बैठक की     |   विधायक रविंद्र भाटी ने खुद को आग लगाने की कोशिश की     |   दिल्ली में प्रदूषण लेवल 208 के पार पहुंचा, ग्रेप 1 लागू     |  

दीपिका मौत मामला: छत से गिराने से पहले मारपीट का आरोप, परिजनों ने CM योगी से की न्याय की मांग

उत्तर प्रदेश के जालपुरा गांव में छत से गिरकर मौत का शिकार हुई युवती दीपिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने आरोपियों की संपत्ति पर बुलडोजर चलाने की भी मांग की है। मृतका के पिता संजय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं। उनका आरोप है कि दीपिका को छत से नीचे फेंकने से पहले उसके साथ मारपीट की गई थी।

उन्होंने कहा, “जिस दिन घटना हुई, मैं खुद उसके ससुराल गया था। उस समय उसके शरीर पर कोई चोट नहीं थी। आधे घंटे बाद मुझे घटना की सूचना मिली। उसके ससुर मनोज भू-माफिया हैं और उनके खिलाफ 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। अगर हमें पहले यह जानकारी होती, तो हम यह शादी कभी नहीं करते।”

दीपिका के चाचा विशेष नागर ने कहा कि पोस्टमार्टम में शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं और यह साफ तौर पर हत्या का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मृतका के ससुराल वालों ने दहेज में कार की मांग की थी और लगातार उसे प्रताड़ित किया जाता था। मृतका की मां सरोज ने कहा, “मेरी बेटी बहुत परेशान रहती थी। उसके ससुराल वाले उसे घर वापस नहीं आने देते थे। वे कार की मांग कर रहे थे। मेरी बेटी को न्याय मिलना चाहिए।”

दीपिका की बहन सारिका नागर ने बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले उनकी दीपिका से बात हुई थी। उसने बताया था कि वह मानसिक रूप से परेशान है और ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। फिलहाल, दीपिका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को इकोटेक-3 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सेंट्रल नोएडा पुलिस प्रशासन अब आरोपियों की कथित अवैध संपत्ति और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रहा है।