मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान ने भारत की पहचान और संस्कृति को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। देश और धर्म की रक्षा के लिए गुरुओं ने जो बलिदान दिया, वह भारतीय इतिहास का गौरव है। उनकी परंपरा हमें अन्याय और अत्याचार के खिलाफ साहस के साथ खड़े होने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को ऐशबाग रोड स्थित डीएवी पीजी कॉलेज मैदान में श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेश सरकार और जनता की ओर से सिख समाज को प्रकाश पर्व की बधाई दी। इस दौरान अमृतसर के हेड ग्रंथी ज्ञानी केवल सिंह और सिख समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, तलवार और गुरु नानक देव जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सिख गुरुओं के प्रति देश में श्रद्धा और सम्मान का भाव बना रहेगा तो दुनिया की कोई ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर सकेगी।
अन्याय के खिलाफ खड़े होना ही सच्ची आध्यात्मिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने विचारों और यात्राओं के माध्यम से समाज को एकता और मानवता का संदेश दिया। उनका 'एक ओंकार' का सिद्धांत बताता है कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य उसी की संतान हैं। इसलिए हर व्यक्ति समान सम्मान का हकदार है।
उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता का अर्थ दुनिया से दूर भागना नहीं, बल्कि अन्याय और अत्याचार के सामने निडर होकर खड़ा होना है। सिख गुरुओं का जीवन त्याग, साहस और सेवा की इसी भावना का उदाहरण है।
'नाम जपो, कीरत करो, वंड छको' में छिपा जीवन का संदेश
योगी आदित्यनाथ ने गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख संदेशों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 'नाम जपो, कीरत करो और वंड छको' जीवन को सही दिशा देने वाले सिद्धांत हैं। ईश्वर का स्मरण करना, मेहनत और ईमानदारी से कमाई करना तथा अपनी कमाई में जरूरतमंदों को हिस्सा देना मानवता की सीख है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुद्वारों में चलने वाला लंगर इस भावना का सबसे अच्छा उदाहरण है। यहां बिना किसी जाति, धर्म या भेदभाव के सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं।
मुख्यमंत्री आवास से शुरू हुई वीर बाल दिवस की परंपरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि लखनऊ के गुरुद्वारों के सहयोग से मुख्यमंत्री आवास पर 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई थी। गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के बाद, करीब सात वर्ष पहले से मुख्यमंत्री आवास में इस आयोजन की शुरुआत की गई।
उन्होंने कहा कि आज पूरा देश गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों के बलिदान को याद करता है। उनका त्याग नई पीढ़ी को धर्म, राष्ट्र और अपने मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कामना की कि लखनऊ के श्रद्धालुओं को ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिले।
कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
योगी आदित्यनाथ ने कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सुबह चार बजे से ही प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों पर स्नान और श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं की जानकारी ली जा रही थी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर और अमरोहा के तिगरी मेले में 15 लाख से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। प्रयागराज, फर्रुखाबाद, अयोध्या और काशी में भी बड़ी संख्या में लोग पवित्र स्नान के लिए पहुंचे।
उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में देव दीपावली भी मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर धरती को आतंक से मुक्त कराया था। गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व भी इसी पावन दिन पर आध्यात्मिक महत्व को और बढ़ाता है।
मुख्यमंत्री की दिवंगत माता के लिए संगत ने की अरदास
कार्यक्रम में राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने संगत से उनके लिए अरदास करने की अपील की और मुख्य ग्रंथी से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के परिवार की सुख-शांति और देश-प्रदेश की सेवा में उनके निरंतर योगदान की कामना भी की।
सिख समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों की सराहना
उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिख समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उनके प्रयासों से समाज में एकता और सहयोग की भावना मजबूत हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
समारोह में अमृतसर के हेड ग्रंथी ज्ञानी केवल सिंह, राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह, गुरुद्वारा यहियागंज के मुख्य सेवादार डॉ. गुरमीत सिंह, गुरुद्वारा नाका हिंडोला के मुख्य सेवादार डॉ. अमरजोत सिंह, जनरल सेक्रेटरी सरदार मनमीत सिंह, उपाध्यक्ष सरदार हरमिंदर सिंह, सरदार सतबीर सिंह आनंद, सरदार राजू गांधी, सरदार सतनाम सिंह सेठी और पार्षद चरणजीत गांधी सहित सिख समाज के कई प्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।