आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल पहुंचकर उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से मुलाकात की। उन्होंने हाल ही में हुई पवन कल्याण की दाएं कंधे की सर्जरी के बाद उनका हालचाल जाना और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। जनसेना पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अस्पताल में पवन कल्याण से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
पार्टी के अनुसार, पवन कल्याण के दाएं कंधे में रोटेटर कफ इंजरी और एवल्शन फ्रैक्चर था, जिसके कारण शनिवार को उनकी सर्जरी की गई। यह ऑपरेशन विश्व प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक और स्पोर्ट्स मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. दिनशा पार्थीवाला की अगुवाई में डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक किया।जनसेना पार्टी ने बताया कि सर्जरी सफल रही है और इसके बाद पवन कल्याण को देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं।
उपमुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, पवन कल्याण के दोनों कंधों में रोटेटर कफ की चोट है। हालांकि, एक साथ दोनों कंधों की सर्जरी करने से अधिक दर्द और परेशानी हो सकती थी, इसलिए फिलहाल केवल दाएं कंधे का ऑपरेशन किया गया है। बाएं कंधे की सर्जरी अगले दो महीनों के भीतर की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि पवन कल्याण को पहली बार 2016 में कंधे में चोट लगी थी, जो 2019 में फिर उभर आई। इसके बावजूद उन्होंने वर्षों तक दर्द सहते हुए लोगों से मुलाकात, जनसभाएं और चुनाव प्रचार जारी रखा। कार्यालय के मुताबिक, नाक की सर्जरी के दौरान कराई गई जांच में पता चला कि उनके दोनों कंधों में गंभीर रोटेटर कफ इंजरी और मांसपेशियों में गहरे स्तर तक क्षति है।
डॉक्टर भी यह देखकर हैरान थे कि इतनी गंभीर चोट के बावजूद वह लगातार काम करते रहे। कुछ सप्ताह पहले मुंबई में मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी थी, जिसके तहत शनिवार को दाएं कंधे का सफल ऑपरेशन किया गया। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।