Breaking News

नेपाल के NDRRMA ने भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति को लेकर हाई अलर्ट जारी किया     |   चीन: शी जिनपिंग ने तिब्बत में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की     |   नेपाल बाढ़: प्रधानमंत्री और मंत्रियों की एक महीने की सैलरी आपदा कोष में जमा होगी     |   नेपाल से आई बड़ी खुशखबरी! त्रिशूली हाइड्रो प्रोजेक्ट साइट से रेस्क्यू किए गए 350 मजदूर     |   नेपाल में त्रिशूली हाइड्रोपावर टनल में फंसे 350 मजदूरों का रेस्क्यू, कई भारतीय भी शामिल     |  

अगले साल शुरू होगा देश का पहला बुलेट ट्रेन सेक्शन, सूरत-बिलिमोरा के बीच दौड़ेगी हाई-स्पीड ट्रेन

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला सेक्शन सूरत और बिलिमोरा के बीच अगले साल शुरू कर दिया जाएगा। हैदराबाद में आयोजित HYSEA GCCS & IT राउंडटेबल कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना का निर्माण तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा, "मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है। अगले साल सूरत से बिलिमोरा के बीच पहला सेक्शन शुरू किया जाएगा।"

रेल मंत्री ने बताया कि इसके बाद परियोजना के बाकी हिस्सों को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। पहले वापी-सूरत, फिर वापी-अहमदाबाद, उसके बाद अहमदाबाद-ठाणे और अंत में अहमदाबाद-मुंबई सेक्शन चालू किए जाएंगे। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देशभर में रेलवे स्टेशनों के 'नव-निर्माण' (पुनर्विकास) का काम भी तेजी से चल रहा है। अब तक 261 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन को पूरी तरह नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि स्टेशन पर ट्रेनों का संचालन जारी रखते हुए निर्माण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "दुनिया के कई देशों में रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के दौरान ट्रेनों का संचालन रोक दिया जाता है, लेकिन भारत में ट्रैफिक जारी रखते हुए सुरक्षा और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखते हुए काम किया जा रहा है।"

कार्यक्रम के बाद रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद के लिए तीन हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की योजना दी है।

ये कॉरिडोर हैं:

  • पुणे-हैदराबाद

  • हैदराबाद-चेन्नई

  • हैदराबाद-बेंगलुरु

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से हैदराबाद हाई-स्पीड रेल हब बनेगा, क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पूरे क्षेत्र का तेजी से विकास होगा।अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार की इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग योजनाओं का तेलंगाना को बड़ा लाभ मिला है। राज्य में 100 से अधिक इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण कंपनियों को बढ़ावा दिया गया है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के रेलवे विकास के लिए 5,400 करोड़ रुपये का बजट दिया है, जिससे राज्य में रेलवे के बुनियादी ढांचे में तेजी से सुधार हो रहा है।