केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को तमिलनाडु के कामराजर पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण और असम के सिलचर में डोलू ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने को मंजूरी दे दी। दूसरे कंटेनर टर्मिनल पर 4,288 करोड़ रुपये और नए एयरपोर्ट पर 2,014 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। इन दोनों परियोजनाओं के अलावा तीन अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं को भी मंजूरी मिली है।
कामराजर पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
तमिलनाडु स्थित कामराजर पोर्ट लिमिटेड पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 4,288.26 करोड़ रुपये है, जिसमें जीएसटी भी शामिल है। इसके अलावा पोर्ट की ओर से ड्रेजिंग यानी समुद्र की गहराई बढ़ाने के लिए लगभग 450 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत तैयार की जाएगी। इसके लिए डिजाइन, निर्माण, वित्त, संचालन और हस्तांतरण मॉडल अपनाया जाएगा। चयनित निजी कंपनी परियोजना में निवेश करेगी और तय समझौते के अनुसार उपयोगकर्ता शुल्क से अपनी लागत वसूल करेगी।
नया टर्मिनल 900 मीटर लंबा होगा। इसकी सालाना कंटेनर हैंडलिंग क्षमता 20 लाख TEUs होगी। TEU का मतलब 20 फुट के कंटेनर के बराबर इकाई है। परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा।
- पहला चरण: 1.1 मिलियन TEUs की क्षमता, लागत 2,429.32 करोड़ रुपये।
- दूसरा चरण: 0.9 मिलियन TEUs की क्षमता, लागत 1,858.94 करोड़ रुपये।
टर्मिनल में 18 मीटर गहराई वाला ड्राफ्ट और 30 मीटर चौड़ाई का बर्थ होगा। यहां 400 मीटर तक लंबे और 24,346 TEUs क्षमता वाले बड़े कंटेनर जहाजों को संभाला जा सकेगा।
48 महीने में पूरा होगा निर्माण
परियोजना के लिए 40 साल की रियायत अवधि तय की गई है, जिसमें 48 महीने का निर्माण समय शामिल है। पहले चरण का निर्माण ठेका मिलने के 24 महीने के भीतर पूरा किया जाएगा। इसके बाद 25वें महीने से व्यावसायिक संचालन शुरू होगा।
दूसरे चरण का निर्माण 25वें से 48वें महीने के बीच किया जाएगा। पूरी परियोजना का संचालन 49वें महीने से शुरू होने का लक्ष्य है। इसके लिए खुली और पारदर्शी वैश्विक बोली प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पर्यावरण और अन्य जरूरी मंजूरियां भी निर्धारित समय में प्राप्त की जाएंगी।
बड़े जहाजों और कारोबार को मिलेगा फायदा
कामराजर पोर्ट का नया टर्मिनल चेन्नई-एन्नोर औद्योगिक क्षेत्र और दक्षिण भारत के अन्य इलाकों से आने वाले निर्यात-आयात माल की बढ़ती मांग को पूरा करेगा।
इससे ऑटोमोबाइल, ऑटो कंपोनेंट, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, रसायन और अन्य विनिर्माण क्षेत्रों को फायदा मिलने की उम्मीद है। बड़े जहाजों के संचालन से अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों से संपर्क बेहतर होगा और विदेशी गहरे समुद्र वाले हब पोर्ट पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
वित्त वर्ष 2025-26 में कामराजर पोर्ट ने 49.08 मिलियन टन माल और 1,008 जहाजों का संचालन किया। इस दौरान 7 लाख से अधिक TEUs कंटेनर ट्रैफिक दर्ज किया गया। मौजूदा कंटेनर टर्मिनल की क्षमता 8 लाख TEUs सालाना है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में करीब 7 लाख TEUs का संचालन हुआ। यानी मौजूदा क्षमता का लगभग 88 प्रतिशत इस्तेमाल हो रहा है।
भारत में पिछले पांच वर्षों के दौरान कंटेनर ट्रैफिक में औसतन 7 प्रतिशत सालाना वृद्धि हुई है। वहीं, कामराजर पोर्ट पर यह वृद्धि करीब 9.9 प्रतिशत रही है। परियोजना से निर्माण के दौरान लगभग 750 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। संचालन शुरू होने के बाद करीब 800 लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
यह परियोजना मैरीटाइम इंडिया विजन 2030 और मैरीटाइम अमृत काल विजन 2047 के अनुरूप है। इससे तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों के उद्योगों को बेहतर लॉजिस्टिक्स सुविधा मिलेगी। PPP परियोजना में केंद्र सरकार पर सीधे वित्तीय खर्च का बोझ नहीं होगा, क्योंकि निवेश चयनित निजी कंपनी करेगी।
असम के सिलचर में बनेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
कैबिनेट ने असम के कछार जिले के डोलू में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 2,014 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
डोलू बराक घाटी का प्रमुख क्षेत्र है। यहां चाय बागान, कृषि आधारित उद्योग और पर्यटन की अच्छी संभावनाएं हैं। नया एयरपोर्ट दक्षिण असम और पड़ोसी राज्यों के क्षेत्रों में बढ़ती हवाई यातायात की जरूरतों को पूरा करेगा।
एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 12,351 वर्ग मीटर होगा। यह व्यस्त समय में 800 यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। भवन में आधुनिक यात्री सुविधाएं, पर्यावरण के अनुकूल निर्माण और भविष्य में विस्तार की व्यवस्था होगी।
परियोजना के तहत 2,705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जाएगा। यह कोड-4C मानकों के अनुरूप होगा और A-320 विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त रहेगा। इसके अलावा छह A-320 विमानों की पार्किंग क्षमता वाला नया एप्रन और एक अलग आइसोलेशन बे भी बनाया जाएगा।
नए एयरपोर्ट से मौजूदा हवाई ढांचे पर दबाव कम होगा। साथ ही व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह पूर्वोत्तर भारत को देश और अंतरराष्ट्रीय विकास मार्गों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
तीन अन्य योजनाओं को भी मंजूरी
कैबिनेट ने इन दो परियोजनाओं के अलावा तीन अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है।
1. निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरण (CIE) योजना
भारी उद्योग मंत्रालय की इस योजना के लिए 11,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य देश में निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों तथा उनके पुर्जों के उत्पादन को बढ़ावा देना है।
योजना के तहत शिप-टू-शोर क्रेन, टनल बोरिंग मशीन, हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर और ऑफ-हाईवे ट्रक जैसे आधुनिक उपकरणों के घरेलू निर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा। देश में एक आधुनिक और विशेष CIE परीक्षण केंद्र भी स्थापित किया जाएगा।
भारत का निर्माण एवं इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरण उद्योग फिलहाल चीन और अमेरिका के बाद दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्योग है। वित्त वर्ष 2024-25 में इसका बाजार करीब 97,500 करोड़ रुपये का था। अनुमान है कि 2029-30 तक यह बढ़कर लगभग 2.28 लाख करोड़ रुपये हो जाएगा।
यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से आठ साल तक लागू रहेगी। इसमें शुरुआती दो साल विनिर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए, अगले पांच साल प्रोत्साहन राशि के वितरण के लिए और अंतिम साल प्रोत्साहन राशि के निपटान के लिए रखा गया है।
2. डाक संचालन योजना
डाक विभाग की डाक संचालन योजना के लिए 1,141 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसका उद्देश्य डाक सेवाओं, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और ग्रामीण क्षेत्रों तक सेवाओं की पहुंच को मजबूत करना है।
3. संपदा प्रबंधन योजना
डाक विभाग की संपदा प्रबंधन योजना के लिए 1,491 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत डाक भवनों का निर्माण, पुनर्निर्माण, मरम्मत, आधुनिकीकरण और विरासत भवनों का संरक्षण किया जाएगा।