Breaking News

दिल्ली पुलिस ने चलाया ऑपरेशन CyHawk 5.0, 800 से ज्यादा साइबर क्रिमिनल अरेस्ट     |   चारधाम यात्रा: आज 41,458 ने दर्शन किए, अब तक 37.7 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे     |   दिल्ली: पालम, द्वारका, वंसत विहार समेत कई इलाकों में आंधी-बारिश, बिजली की संभावना     |   हिमाचल प्रदेश: भूस्खलन की वजह से संजौली-ढली बाईपास बंद, लंबा ट्रैफिक जाम लगा     |   ‘आपसी सम्मान के माहौल में शांति कायम हो सकती है’, US-ईरान डील पर बोले पेजेशकियान     |  

कोडीन सिरप केस में एक्शन, एक लाख का इनामी शुभम जायसवाल भगोड़ा घोषित, कुर्की की होगी कार्रवाई

कोडीन सिरप कांड के एक लाख के इनामी मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल और उसके दो साथियों को यूपी एसटीएफ ने भगोड़ा घोषित कर दिया है। अदालत से NBW जारी होने के बाद भी पेश न होने वाले ये तीनों शातिरआरोपी फिलहाल देश छोड़कर दुबई में छिपे है जिसके बाद पुलिस इन ड्रग माफियाओं की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी में जुट गई है। 

नशीली कफ सिरप के अवैध काले कारोबार से युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने वाले सिंडिकेट के खिलाफ यूपी पुलिस का बड़ा एक्शन सामने आया है। बहुचर्चित कोडीन कफ सिरप कांड में एक लाख रुपये के इनामी मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल और उसके दो साथियों, वरुण सिंह और गौरव जायसवाल को भगोड़ा घोषित कर दिया गया है। 

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज मुकदमे के बाद कोर्ट से एनबीडब्ल्यू यानी गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था, लेकिन जब ये आरोपी कानून के सामने हाजिर नहीं हुए, तो पुलिस ने इनके खिलाफ भगोड़ा की कार्रवाई अमल में लाई। 

पुलिस जांच में सामने आया है कि वाराणसी का रहने वाला मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल अपने साथियों वरुण और गौरव के साथ इस समय भारत छोड़कर दुबई में बैठा है। ये गिरोह विदेशों में छिपकर यूपी में नशीली दवाइयों का नेटवर्क ऑपरेट कर रहा था। हालांकि, कानून से भाग रहे इन आरोपियों की उल्टी गिनती अब शुरू हो चुकी है। भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद अब यूपी पुलिस इन सभी आरोपियों की संपत्ति को कुर्क करने की तैयारी में जुट गई है, जिससे इनकी आर्थिक कमर को पूरी तरह तोड़ा जा सके। 

बता दें कि सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस अब तक इस पूरे मामले से जुड़े 18 लोगों को जेल की सलाखों के पीछे भेज चुकी है। अब इन तीन मुख्य कड़ियों पर शिकंजा कसने के लिए वाराणसी स्थित इनके ठिकानों पर कुर्की की तैयारी है।

लखनऊ के इस कफ सिरप कांड पर हुई त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार अपराधियों के खिलाफ कितनी सख्त है। जो अपराधी ये सोचकर बैठे थे कि वो दुबई भागकर कानून के लंबे हाथों से बच जाएंगे, योगी सरकार ने उनके आशियाने और संपत्ति को कुर्क करने का आदेश देकर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है। ये कार्रवाई साफ संदेश देती है कि उत्तर प्रदेश की धरती पर अवैध धंधा करने वालों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ड्रग माफियाओं का अंत सिर्फ और सिर्फ जेल की कालकोठरी या फिर उनकी संपत्ति की कुर्की ही है।