Breaking News

अलीगंज अग्निकांड: 87 दिन बाद पुलिस ने दाखिल की 500+ पन्नों की चार्जशीट     |   2017 से पहले भर्ती में भेदभाव था, अब प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी: CM योगी     |   एशियन गेम्स: भारत को शूटिंग में मिला दूसरा सिल्वर, इलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर एयर राइफल में किया कमाल     |   एटा-कासगंज में सपा ने भंग की जिला इकाइयां, जिलाध्यक्ष भी हटाए     |   गाजियाबाद: फर्नीचर शोरूम-गोदाम में भीषण आग, 8 दमकल गाड़ियां मौके पर     |  

मुंबई में गणपति पंडाल के पास करंट लगने से 8 साल की बच्ची की मौत, परिजनों ने आयोजकों पर लगाए लापरवाही के आरोप

मुंबई के मशहूर कालाचौकी महागणपति पंडाल के पास रविवार तड़के करंट लगने से 8 साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसा करीब रात 2:40 बजे हुआ। बच्ची अपने परिवार के साथ गणपति के दर्शन के लिए पहुंची थी और भीड़ कम होने का इंतजार कर रही थी। मृतक बच्ची की रिश्तेदार किस्मती यादव ने बताया कि परिवार रात करीब 2 बजे पंडाल पहुंचा था और दर्शन के लिए कतार में लगा था। भारी भीड़ को देखते हुए परिवार ने वापस लौटने पर भी विचार किया।

उन्होंने बताया कि परिवार कतार के किनारे मौजूद कुछ दुकानों के पास भीड़ कम होने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पंडाल के पास लगा एक लाइट का उपकरण गिर गया, जिससे वहां मौजूद लोगों को करंट लग गया। किस्मती यादव के मुताबिक, हादसे में बच्ची की जान चली गई, जबकि उनके अपने दो बच्चों को भी बिजली का झटका लगा।

मृतक बच्ची की रिश्तेदार ने पंडाल आयोजकों पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे थे और आयोजकों की जिम्मेदारी थी कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा, "यह पूरी तरह पंडाल आयोजकों की गलती है। आप बप्पा की मूर्ति स्थापित कर रहे हैं, लोगों को इकट्ठा कर रहे हैं और पैसे कमा रहे हैं, लेकिन क्या जनता की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम है? उन्हें सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए थी।" उन्होंने आगे कहा कि अब चाहे कितनी भी मांगें की जाएं, मृत बच्ची वापस नहीं आ सकती। हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है।