Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

किसी को दोष नहीं दूंगा, मिलकर सुलझाना होगा... दिलजीत दोसांझ विवाद पर बोले अजय देवगन

अभिनेता अजय देवगन ने दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ को लेकर उठे विवाद पर शुक्रवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब दो अलग-अलग नजरिए हों तो आपको बैठकर बातचीत के जरिए मुद्दों को सुलझाने चाहिए। 

फिल्म ‘सरदार जी 3’ में पाकिस्तानी अभिनेत्री हनिया आमिर को शामिल किए जाने को लेकर दोसांझ को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। पिछले महीने दोसांझ ने फिल्म ‘सरदार जी 3’ का ट्रेलर साझा किया था, जिसके बाद इस फिल्म को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। ‘सरदार जी 3’ फिल्म 27 जून को विदेशों में रिलीज हो चुकी है, लेकिन इसे भारत में रिलीज नहीं किया गया है।

देवगन ने फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि आलोचनाएं क्यों होती हैं, क्या सही है और क्या गलत। उनकी जगह मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता हूं।उनकी अपनी समस्याएं रही होंगी, और लोग अपने नजरिए से सोच रहे हैं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘जब आपके सामने दो अलग-अलग नजरिए हों तो आप मिल-बैठकर इसे सुलझा सकते हैं।मैं किसी को दोष नहीं दूंगा या यह नहीं कहूंगा कि यह सही है या वो गलत है, उन्हें बातचीत करने की जरूरत है।’’

सम्मेलन में देवगन से महाराष्ट्र में जारी भाषा विवाद के बारे में भी पूछा गया। यह विवाद तब शुरू हुआ जब महाराष्ट्र सरकार ने सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में अंग्रेजी और मराठी के अलावा तीसरी भाषा के रूप में हिंदी पढ़ाना अनिवार्य कर दिया था। देवगन ने अपनी हिट फिल्म ‘सिंघम’ के लोकप्रिय संवाद का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘भाषा के संबंध में जो विवाद है, उसके बारे में मैं आपको केवल यही जवाब दे सकता हूं कि ‘आता माझी सटकली।’’