Breaking News

PM मोदी ने ओमान के सुल्तान और कुवैत के क्राउन प्रिंस से बात की     |   अरविंद केजरीवाल कल मनीष सिसोदिया के घर पर होली मनाएंगे     |   कतर के विदेश मंत्रालय ने कहा कि कल ईरानी जेट विमानों को मार गिराने से पहले चेतावनी दी गई थी     |   तमिलनाडु कांग्रेस चीफ बोले- DMK के साथ गठबंधन के लिए बातचीत जारी     |   पूर्ण चंद्र ग्रहण शुरू, चंद्रोदय होते ही भारत के कई हिस्सों में आएगा नजर     |  

राजकुमार राव की फिल्म 'भूल चुक माफ' का ट्रेलर लॉन्च, बोले- कई पलों को दोबारा जीना चाहता हूं

बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव जल्द ही अपनी अपकमिंग फिल्म "भूल चुक माफ" में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में राजकुमार राव ने एक ऐसे लड़के का किरदार निभाया है जो शादी करने वाला है और समय के चक्र में फंसा हुआ है। गुरुवार को अभिनेता की अगली फिल्म "भूल चुक माफ" का ट्रेलर लॉन्च हुआ। इवेंट के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजकुमार राव ने अपने जीवन से जुड़े कई पलों को साझा किया। राव से पूछा गया कि उनके जीवन का वो कौन सा पल है जिसे वो दोबारा जीना चाहेंगे? इसके जवाब में राजकुमार ने अपनी पहली फिल्म से लेकर ‘स्त्री 2’ तक का जिक्र किया।

उन्होंने कहा, "मैं फिल्मी बैकग्राउंड से नहीं आता इसलिए बाहरी व्यक्ति के तौर पर मेरे करियर के लिए बहुत मुश्किल भरा दौर था। जब आप मुंबई आते हैं, तो आपके लिए चीजें  आसान नहीं होती। मैं अपने कई अभिनेता मित्रों को जानता हूं जो शहर में आए हैं और हर किसी को ये मौका नहीं मिलता है। किसी भी बाहर से आने वाले एक्टर के लिए पहली फिल्म मिलना काफी बड़ी बात होती है। मेरे साथ 2010 में ऐसा हुआ था। मैं उस पल को बार-बार जीना चाहूंगा। मैं उस पल को भी जीना चाहूंगा जब मेरी मां मेरे साथ थीं और मैंने पहला राष्ट्रीय पुरस्कार जीता था। फिर जब 'स्त्री 2' रिलीज हुई और पहले दिन बॉक्स ऑफिस के जो आंकड़े आए मैं चौंक गया था। हम सोच में पड़ गए कि क्या हो गया।"

अभिनेता ने एक और पल याद किया जब उन्होंने साल 2021 में पत्नी पत्रलेखा से शादी की थी। वो दिन उनके लिए बहुत खास था। राजकुमार राव ने कहा, "मेरी शादी के तीनों दिन सबसे खूबसूरत थे और मैं इसे उन्हें बार-बार जीना चाहूंगा। 'फेरे' सबसे खूबसूरत थे। पहली बार जब मैंने पत्रलेखा को आते हुए कॉरिडोर में देखा, मैं उसे फिर से जीना चाहूंगा"

"भूल चुक माफ" फिल्म "महारानी" के निर्देशक करण शर्मा द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म है। इसमें वामिका गब्बी, सीमा पाहवा, जाकिर हुसैन और अन्य भी शामिल हैं। ये नौ  मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।