Breaking News

यौन उत्पीड़न केस में नासिक कोर्ट ने अशोक खरात को 23 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजा     |   होर्मुज में गोलीबारी के बाद ट्रंप की धमकी, कहा- समझौता नहीं तो ईरान की तबाही तय     |   24 घंटों में 150 से ज्यादा हिज्बुल्लाह आतंकवादी ढेर: इजरायल     |   मानहानि केस में महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नितेश राणे के खिलाफ वारंट जारी     |   मलेशिया के सबाह में आग से 200 घर तबाह, सैकड़ों लोग बेघर     |  

शिवालिका ओबेरॉय और अभिषेक पाठक के घर आई लक्ष्मी, बेटी का हुआ जन्म

एक्ट्रेस शिवालिका ओबेरॉय और फिल्ममेकर अभिषेक पाठक ने अपने पहले बच्चे के रूप में बेटी का स्वागत किया है। इस खुशखबरी को कपल ने रविवार को एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा किया। इंस्टाग्राम पर यह खुशखबरी साझा करते हुए उन्होंने अपनी नवजात बेटी को "हमारी छोटी देवी लक्ष्मी" बताया और उसके जन्म को "सबसे पवित्र आशीर्वाद" कहा। शिवालिका ओबेरॉय ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "हमारी छोटी देवी लक्ष्मी शुभ दिन पर हमारे जीवन में आई है। यह अपने सबसे शुद्ध रूप में एक आशीर्वाद है।"

पोस्ट में एक नोट भी शामिल था, जिसमें लिखा था, "एक पल में, हमारे दिलों को एक नया मतलब मिल गया! अपार प्यार और कृतज्ञता के साथ, हम अपनी अनमोल बच्ची का स्वागत करते हैं। बेबी गर्ल! 19 अप्रैल 2026। आशीर्वादित माता-पिता - शिवालिका और अभिषेक।" दिसंबर 2025 में, कपल ने क्रिसमस के मौके पर प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। उन्होंने लिखा था, "हमारी प्रेम कहानी को उसका सबसे प्यारा अध्याय मिल गया है — एक नन्हा सा आशीर्वाद हमारे ब्रह्मांड में आने वाला है।"

शिवालिका ओबेरॉय और अभिषेक पाठक ने कई सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 9 फरवरी 2023 को गोवा में शादी की थी। उनकी शादी के रिसेप्शन में फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे शामिल हुए थे, जिनमें कार्तिक आर्यन, सनी सिंह, नुसरत भरुचा, इशिता राज शर्मा और अजय देवगन भी मौजूद थे। कपल की लव स्टोरी भी काफी खास रही है। तुर्की में हॉट एयर बैलून के बीच अभिषेक पाठक ने शिवालिका को प्रपोज किया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।

वर्क फ्रंट की बात करें तो शिवालिका 'ये साली आशिकी' और 'खुदा हाफिज' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। वहीं अभिषेक पाठक 'दृश्यम 2' और 'उजड़ा चमन' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने 'प्यार का पंचनामा', 'प्यार का पंचनामा 2', 'सेक्शन 375' और 'खुदा हाफिज' जैसी फिल्मों का निर्माण भी किया है।