Breaking News

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   कनॉट प्लेस में मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई     |   केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है     |   'उसको तो जाना ही था ये हिंदुस्तान के भविष्य की जीत है...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले राहुल गांधी     |   CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |  

सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी, मुंबई पुलिस ने कड़ी की सुरक्षा

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की कार को बम से उड़ाने और वाई-प्लस सुरक्षा से लैस उनके घर में घुसकर उन पर हमला करने की एक अज्ञात व्यक्ति ने धमकी दी, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी और मामला दर्ज किया है। अज्ञात व्यक्ति ने मुंबई ट्रैफिक पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर ये मैसेज भेजा। मैसेज भेजने वाले ने खान की कार को बम से उड़ाने और उनके घर पर हमला करने की धमकी दी। वर्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2)(3) (आपराधिक धमकी) के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच शुरू कर दी गई है। धमकी के मद्देनजर पुलिस ने बांद्रा में सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी और इलाके में गश्त बढ़ा दी है।

सलमान खान को पहले लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जान से मारने की धमकी मिली थी। लॉरेंस बिश्नोई हत्या की कोशिश और जबरन वसूली समेत कई मामलों में अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद है, जबकि उसके गिरोह के संदिग्ध सदस्यों ने पिछले साल अप्रैल में सलमान खान के बांद्रा वाले घर के बाहर गोलीबारी की थी। इसके कुछ हफ्ते बाद नवी मुंबई पुलिस ने बिश्नोई गिरोह द्वारा सलमान की हत्या की साजिश रचे जाने का पर्दाफाश करने का दावा किया था। पुलिस ने दावा किया कि खान जब मुंबई के पास पनवेल में अपने फार्महाउस जा रहे थे तभी बिश्नोई गिरोह ने उनकी हत्या की साजिश रची थी।