Breaking News

नेपाल: बालेन शाह के पक्ष में प्रचंड बहुमत, ओली समेत कई दिग्गज बुरी तरह हार की कगार पर     |   ईरान का एयरस्पेस जल्द अपने कंट्रोल में लेगा अमेरिका- व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव का दावा     |   पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतें ₹55/लीटर बढ़ाकर क्रमशः 335 और 321 रुपये कर दी गईं     |   स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से नहीं गुजर सकते इजरायल-यूएस के जहाज: ईरान     |   ईरानी राष्ट्रपति की पुतिन से फोन पर बात, ताजा हालात पर चर्चा हुई     |  

सलमान खान गोलीबारी मामला: मुंबई पुलिस ने तापी नदी से दो पिस्तौल, गोलियां बरामद कीं

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए एक तलाशी अभियान के दौरान गुजरात में तापी नदी से दो पिस्तौल, मैगजीन और गोलियां बरामद की हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को ये जानकारी दी। 

अधिकारी ने बताया कि सोमवार को शुरू हुई तलाशी के दौरान अपराध शाखा ने दो पिस्तौल, तीन मैगजीन और 13 गोलियां बरामद की हैं। 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर दया नायक समेत 12 अधिकारियों की टीम अभी भी मौके पर है। 

उन्होंने बताया कि गोताखोरों की मदद से तलाश जारी है। गिरफ्तार किए गए दो आरोपितों, विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) ने 14 अप्रैल को मुंबई के बांद्रा इलाके में गैलेक्सी अपार्टमेंट में 58 वर्षीय खान के घर के बाहर कथित तौर पर गोलीबारी की थी और फिर मोटरसाइकिल पर मौके से भाग गए थे। 

तकनीकी निगरानी के आधार पर, उन्हें 16 अप्रैल को मुंबई और कच्छ पुलिस की संयुक्त टीम ने गुजरात के भुज शहर के पास माता नो मढ में एक मंदिर के परिसर से पकड़ा गया था। बाद में उन्हें आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया। 

सूत्रों के मुताबिक, दोनों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि गोलीबारी की घटना के बाद जब वे मुंबई से सड़क मार्ग से सूरत पहुंचने के बाद ट्रेन से भुज की ओर भाग रहे थे, तब उन्होंने हथियार एक रेलवे पुल से तापी नदी में फेंक दिए थे।

पुलिस ने कहा था कि पहली नजर में खान के आवास के बाहर गोलीबारी के पीछे दोनों का मुख्य मकसद ‘आतंक’ पैदा करना था। मुंबई पुलिस ने घटना के सिलसिले में जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को ‘वांछित आरोपी’ घोषित किया है। 

पुलिस ने कहा कि गुप्ता और पाल को कथित तौर पर दोनों बिश्नोई भाइयों से निर्देश मिल रहे थे। एक अधिकारी ने पहले कहा था कि लॉरेंस बिश्नोई एक अन्य मामले में गुजरात की साबरमती केंद्रीय जेल में बंद है, लेकिन माना जाता है कि उसका भाई कनाडा या अमेरिका में है।