रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस की जांच और तेज हो गई है। पुलिस इसे फिल्म इंडस्ट्री में डर फैलाने की साजिश मान रही है।
पुणे से एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने आशाराम फासले नाम के आरोपी को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, इसी आरोपी ने फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्तौल मुहैया कराई थी। बताया जा रहा है कि आशाराम ने यह हथियार सीधे उस शख्स को दिया, जिसने रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की।
इस गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या अब पांच हो गई है। सभी आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और इस पूरे मामले के पीछे काम कर रहे बड़े नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल की गई होंडा डियो स्कूटी को भी ट्रेस कर लिया है। यह स्कूटी करीब चार महीने पहले पुणे के एक व्यक्ति ने खरीदी थी और हमले से कुछ समय पहले इसे गिरफ्तार आरोपी को बेचा गया था। जांच एजेंसियों का मानना है कि स्कूटी का इस्तेमाल पहले से बनाई गई योजना के तहत किया गया, ताकि आरोपी आसानी से फरार हो सकें।
इससे पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जिनकी पुलिस कस्टडी आज खत्म हो रही है। हालांकि, फायरिंग करने वाला मुख्य शूटर अभी फरार है। मुंबई पुलिस ने इस मामले को फरार गैंगस्टर के सहयोगी शुभम लोणकर से जोड़ा है, जिस पर कम से कम पांच बॉलीवुड सेलेब्रिटीज को धमकी देकर रंगदारी मांगने का आरोप है। डर के कारण अब तक किसी भी सेलेब्रिटी ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
फायरिंग की घटना पिछले रविवार को रोहित शेट्टी के जुहू स्थित बंगले के बाहर हुई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर पीड़ित आगे आकर जानकारी साझा नहीं करते, तो पुलिस के लिए स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करना मुश्किल हो जाता है। रोहित शेट्टी ने हालांकि साफ किया है कि उन्हें कोई सीधी धमकी नहीं मिली है।
फिलहाल, शूटर की तलाश के लिए देशभर में कई पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। अधिकारियों का मानना है कि शूटर की गिरफ्तारी के बाद यह साफ हो सकेगा कि इस हमले के पीछे असली साजिशकर्ता कौन है।