Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

मैं वादा करता हूं कि 'जाट 2' और भी बेहतर होगी, JAAT की सफलता पर बोले सनी देओल

एक्शन फिल्म ‘जाट’ की जबरदस्त सफलता के बाद अभिनेता सनी देओल ने रविवार को दर्शकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि फिल्म को लोगों ने जैसा प्यार दिया है, उससे वो बेहद खुश हैं और इसका अगला सीक्वल पहले से भी ज्यादा दमदार होगा। ये फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब तक ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 89 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। इसी हफ्ते मेकर्स ने इसके सीक्वल की घोषणा की है।

‘गदर 2’ फेम सनी देओल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वो एक शांत और सुंदर घाटी में टहलते नजर आ रहे हैं। रविवार को इंस्टाग्राम पर शेयर किए एक वीडियो में उन्होंने दर्शकों को धन्यवाद देते हुए कहा, "आप सभी ने मेरी फिल्म ‘जाट’ को इतना प्यार दिया। मैं वादा करता हूं कि ‘जाट 2’ इससे भी बेहतर होगी।" उन्होंने ये भी बताया कि वे जल्द ही अपनी अगली फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग फिर से शुरू करेंगे।

67 वर्षीय सनी देओल ने कैप्शन में लिखा, "‘जाट’ को ऐसे ही प्यार देते रहिए। आप सबके वीडियो देखकर मैं भावुक और धन्य महसूस कर रहा हूं। आपने जैसे सिनेमा और ‘जाट’ का जश्न मनाया है, वो कमाल है। ऐसे ही और वीडियो भेजते रहिए। आप सबका प्यार ही ‘जाट’ की असली सफलता है।"

‘जाट’ का निर्देशन गोपीचंद मालिनेनी ने किया है। फिल्म में सनी देओल के साथ रंदीप हुड्डा, रेजिना कैसेंड्रा, सैयामी खेर, जगपति बाबू, राम्या कृष्णन और विनीत कुमार सिंह जैसे कलाकार भी हैं। फिल्म का निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स और पीपल मीडिया फैक्ट्री द्वारा किया गया है।
 
‘बॉर्डर 2’ 1997 की ब्लॉकबस्टर ‘बॉर्डर’ का अगला भाग है, जिसमें इस बार सनी देओल के साथ दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी भी नजर आएंगे। ये फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।