Breaking News

PM मोदी ने ओमान के सुल्तान और कुवैत के क्राउन प्रिंस से बात की     |   अरविंद केजरीवाल कल मनीष सिसोदिया के घर पर होली मनाएंगे     |   कतर के विदेश मंत्रालय ने कहा कि कल ईरानी जेट विमानों को मार गिराने से पहले चेतावनी दी गई थी     |   तमिलनाडु कांग्रेस चीफ बोले- DMK के साथ गठबंधन के लिए बातचीत जारी     |   पूर्ण चंद्र ग्रहण शुरू, चंद्रोदय होते ही भारत के कई हिस्सों में आएगा नजर     |  

सलमान के घर पर फायरिंग मामले में नया मामला दर्ज, राजस्थान से एक शख्स गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने अप्रैल में एक्टर सलमान खान के आवास के बाहर हुई गोलीबारी के सिलसिले में एक नया मामला दर्ज किया है। वहीं, आपराधिक धमकी के आरोप में राजस्थान से एक शख्स की गिरफ्तारी हुई है। अधिकारी ने रविवार को ये जानकारी दी। अपराध शाखा के अधिकारी ने बताया कि आरोपित की पहचान राजस्थान के बूंदी निवासी बनवारीलाल लटूरलाल गुर्जर (25) के तौर पर हुई है। 

अधिकारी ने बताया कि गुर्जर ने कथित तौर पर अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने कहा था, "लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और गिरोह के दूसरे सदस्य मेरे साथ हैं तथा मैं सलमान खान को मारने जा रहा हूं, क्योंकि उसने अभी तक माफी नहीं मांगी है।" 

आरोपित ने राजस्थान में नेशनल हाइवे पर वीडियो बनाया और उसे अपने चैनल पर अपलोड कर दिया। अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम जांच के लिए राजस्थान भेजी गई और उसने आरोपित को पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि मुंबई के साइबर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। 

अधिकारी ने कहा कि हम जांच कर रहे हैं कि आरोपित गुर्जर का कोई पिछला आपराधिक इतिहास तो नहीं है। फिलहाल जांच जारी है। बांद्रा इलाके में 14 अप्रैल की सुबह सलमान खान के घर के बाहर मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने कई गोलियां चलाई थीं। 

इस मामले में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें से एक अनुज थापन ने एक मई को पुलिस हवालात में कथित तौर पर फांसी लगा ली थी।