Breaking News

दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं     |   कनॉट प्लेस में मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल हुई     |   केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है     |   'उसको तो जाना ही था ये हिंदुस्तान के भविष्य की जीत है...', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले राहुल गांधी     |   CJP का धरना खत्म, युवा जंतर-मंतर के आसपास से बाहर निकलने लगे     |  

दिल्ली के आरके पुरम में पेड़ गिरने से बिजली का तार टूटा, करंट से दो लोगों की मौत

New Delhi: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम इलाके में रविवार सुबह भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कमजोर हुआ एक पेड़ बिजली के तार पर गिर गया। तार के टूटने की वजह से करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। 

मृतकों की पहचान रविंदर (30) और भरत (25) के रूप में हुई है, जो बिहार के मधुबनी के रहने वाले थे और आरके पुरम के सेक्टर 1 में सड़क किनारे एक ढाबे पर काम करते थे। अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 4.30 बजे पीसीआर कॉल मिली। 

फोन करने वाले सुनील (45), जो उस ढाबे के मालिक हैं, जहां पीड़ित काम करते थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के समय दोनों लोग बाहर एक खोखे में सो रहे थे। बारिश और तूफान के कारण एक बड़ा पेड़ खोखे पर गिर गया, जिससे ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार टूट गया। 

दोनों मजदूरों के साथ-साथ एक आवारा कुत्ते की भी करंट लगने से मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि पुलिस, दमकल कर्मी और बीएसईएस की टीम बचाव अभियान के लिए मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा, "बिजली से झुलसे दोनों व्यक्तियों को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।" उन्होंने कहा कि घटनास्थल की जांच फोरेंसिक टीम और बीएसईएस निरीक्षक द्वारा की गई।